संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्थानीय जाट शिक्षण संस्थान में दीनबंधु सर छोटू राम की जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दीनबंधु सर छोटू राम हमारे लिए एक विरासत हैं।
इससे पूर्व विधायक सुरजेवाला के आगमन पर प्रधान राजकुमार बैनिवाल, उपप्रधान बलजिंदर बनवाला, महासचिव एडवोकेट रश्मि ढुल, कोषाध्यक्ष बलकार नैन सहित कार्यकारिणी सदस्यों व प्राचार्यों ने उनका पुष्पगुच्छ व मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद सभी ने रहबर-ए-आज़म दीनबंधु सर छोटू राम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत दीप प्रज्वलन से हुई। बी.एड. व जाट कॉलेज की छात्राओं ने तिलक लगाकर पारंपरिक स्वागत किया। अपने संबोधन में आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि रहबर-ए-आजम दीनबंधु सर छोटू राम कोई सामान्य व्यक्तित्व नहीं थे, वह किसानों, मजदूरों और दबे-कुचले वर्गों की आवाज बुलंद करने वाले असाधारण नेता थे। उन्होंने उपज का उचित मूल्य दिलवाने के साथ शिक्षा और जागरूकता के लिए जाट गजट अखबार शुरू किया।
उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए और शिक्षा का अर्थ केवल डिग्री नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास है। इस अवसर पर उन्होंने संस्था के विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये का सहयोग घोषित किया।
दानवीरों ने किया सहयोग ः जाट हाई स्कूल सोसाइटी के प्रधान राजकुमार बैनिवाल ने 5 लाख रुपये दान दिया। इसके अलावा कई दानवीरों ने 1-1 लाख रुपये का सहयोग दिया। इनमें टेक सिंह व भाग सिंह, शमशेर सिंह चट्टा, वीरेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, फूल सिंह, संदीप चहल (एसडीओ), संदीप खरब, मनोज कादयान, चौधरी लाल सिंह शास्त्री, शमशेर सिंह फौजी, रामधारी-सुरजीत सरपंच, कुलदीप सिंह बिढ़ान, डॉ. दिनेश ढिल्लों, दरवेश पूनिया, दलबीर सिंह मास्टर, सुरेंद्र कुमार शामिल रहे। इंदर सिंह ने 51,000 रुपये दिए।
इस अवसर पर जाट हाई स्कूल सोसाइटी कार्यकारिणी के सदस्य डॉ. सत्यवान माजरा, श्री दलबीर कैरो, महावीर राविश, महावीर कुंडू, कुलदीप सिंह, विक्रम सोंगल , रजत रापड़िया, जसवीर मानस, राजपाल गुहणा ,सनी चौशाला , स्वतंत्र पाल सिंह, कॉलेज प्राचार्य डॉ.दिनेश सिंह ढिल्लों, जाट आईटीआई प्राचार्य कुलदीप गोपेरा, जाट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्राचार्य नरेश राणा, जाट शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल प्राचार्य पंकज गुप्ता व शिक्षण संस्थान के सभी शिक्षक आदि उपस्थित रहे।
प्राचार्य डॉ. दिनेश ढिल्लों व डॉ. संदीप धारीवाल ने कुशलता पूर्वक मंच का संचालन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। प्रसिद्ध हरियाणवी गायक आजाद सिंह खांडा ने दीनबंधु छोटू राम पर विशेष प्रस्तुति दी। खेलों व सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया। समापन पर प्रबंधन समिति ने सुरजेवाला को स्मृति चिह्न भेंट किया। उपप्रधान बलजिंदर बनवाला ने सभी अतिथियों एवं दानवीरों का आभार जताया।