गुहला-चीका/कैथल। गुहला-चीका के गांव दाबा-चाबा से ऑस्ट्रेलिया गए 23 वर्षीय युवक मिलनदीप सिंह की मौत हो गई वह करीब पांच साल पहले 18 साल की आयु में ही पढ़ाई के सिलसिले में स्टडी वीजा पर वहां गया था। उसकी पढ़ाई तो पूरी हो चुकी थी, अब वह पर्थ स्थित एक कंपनी में कार्य कर रहा था। परिजनों के अनुसार मिलनदीप के आत्महत्या करने की सूचना है। हालांकि कारणों की जानकारी नहीं मिल पाई है।
परिजनों को बुधवार की सुबह मिलनदीप के साथियों से उसकी मौत की सूचना मिली। परिजनों की मिलनदीप के साथ गत शुक्रवार को बातचीत हुई थी। उसके पिता डॉ. तेजा सिंह सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से सेवानिवृत्त आरएमपी चिकित्सक हैं। मिलनदीप ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में पंजाब के कुछ अन्य युवकों के साथ रहकर काम कर रहा था। उन्होंने बुधवार को गांव के ही एक युवक के रिश्तेदार को फोन करके इस घटना के बारे में जानकारी दी।
चार बहनों में था इकलौता
गांव चाबा के सरपंच प्रतिनिधि होशियार सिंह व गुरदीप सिंह चाबा ने बताया कि मिलनदीप सिंह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी चार बहनें है। मिलनदीप की मौत की सूचना से पूरे परिवार सहित गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सुबह से ही ग्रामीण मृतक युवक के दाबा-चाबा निवास पर पहुंचने लगे थे। तीनों बहनों ने इस बार भी रक्षाबंधन पर्व से पहले अपने भाई के लिए डाक के माध्यम से राखी भेजी, लेकिन उन्हें यह नहीं मालूम था कि वह इस बार रक्षाबंधन पर अपनी बहनों द्वारा भेजी गई राखी बांध पाएगा। संवाद