संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के चिल्ड्रन पार्क और जवाहर पार्क की बदहाल स्थिति में अब तक कोई सुधार नहीं हो पाया है। तालाब में गंदगी, बदबूदार पानी, टूटी लोहे की ग्रिल, कूड़े में आग और खराब लाइट व्यवस्था जैसी समस्याएं पहले की तरह बनी हुई हैं। उपायुक्त द्वारा 25 फरवरी को निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अधिकारियों को फटकार लगाई गई थी। इसके बाद परिषद के अधिकारियों ने सभी कमियों को दूर करने के लिए 25 दिन का समय मांगा था, लेकिन तय समय सीमा पूरी होने के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं।
पार्क में टूटी पड़ी लोहे की ग्रिल अब भी नहीं हटाई गई है, वहीं तालाब की गंदगी साफ करने की दिशा में भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बदबू के कारण लोगों का पार्क में जाना दूभर हो गया है। इसके अलावा लाइट व्यवस्था भी पूरी तरह ठप पड़ी है, जिससे शाम के समय अंधेरा छा जाता है और लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क में फैली गंदगी और अव्यवस्थाओं के कारण सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों की संख्या लगातार घट रही है। बच्चों के खेलने के लिए भी यह स्थान असुरक्षित बनता जा रहा है। नगर परिषद ने तालाब की खुदाई और अन्य सुधार कार्यों को पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन 25 दिन बीत जाने के बाद भी काम अधूरा पड़ा है।