संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इंडस पब्लिक स्कूल के क्रिकेट मैदान में शनिवार को सुबह डीसी-इलेविन और पीएनबी-इलेविन के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच खेला गया। इसमें डीसी-11 ने छह विकेट से जीत हासिल की।
इससे पहले पीएनबी-11 ने टॉस जीतकर बॉलिंग करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करते हुए डीसी-11 ने चार विकेट खोकर 172 रन बनाए। डीसी कार्यालय से अनिल ने 53 बॉल पर 76 रन बनाए। डीसी-11 ने पीएनबी-11 को 173 रन बनाने का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने वाली पीएनबी-11 की टीम महज 16.1 ओवर में ऑल आउट हो गई व 117 रन ही बना सकी।
इस प्रकार डीसी-11 ने यह मैच छह विकेट और 55 रनों से जीत लिया। डीसी-11 के खिलाड़ी डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी ने सात बॉल पर 14 रन बनाए और टीम को विजय दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह मैत्रीपूर्ण मैच डीसी प्रीति व एडीसी दीपक बाबूलाल करवा के नेतृत्व में आयोजित करवाए जा रहे हैं। डीसी प्रीति ने बताया कि खेल का जीवन में विशेष महत्व है। खेलों से शारीरिक स्वास्थ्य बना रहता है और खेलों को खेल भावना से खेलते हुए व्यक्ति अपने व्यक्तित्व में निखार ला सकता है।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में खेलों को भी हिस्सा बनाना चाहिए और व्यस्त दिनचर्या में से कुछ समय खेलों के लिए जरूर निकाले। उन्होंने मैत्रीपूर्ण मैच के लिए दोनों टीमों के खिलाडि़यों को शुभकामनाएं दी। एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने कहा कि सरकारी कर्मचारी की दिनचर्या काफी व्यस्त रही है, ऐसे में कुछ समय यदि कर्मचारी खेलों के लिए निकाले तो उनका मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर बनता है।
इस मौके पर जिला नाजर धर्मवीर सैनी का इस क्रिकेट मैच की व्यवस्थाओं में विशेष योगदान रहा।
डीसी-11 में प्लेयर के रूप में राजेश, नसीब सिंह सैनी, रमेश कुमार, प्रदीप, कृष्ण, संदीप, अनिल, मनजीत, सतीश, परवीन, अमित प्लेयर के रूप में रहे। वहीं, पीएनबी-11 में राजीव कुमार, ऋषि, राजेश, जितेंद्र, पंकज, पवन, दीपक, कपिल, आनंद, अजानी, जगबीर प्लेयर के रूप में रहे। मैच के दौरान एलडीएम एसके नंदा भी मौजूद रहे।