संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। उपायुक्त अपराजिता ने वीरवार को स्थानीय तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर राजस्व कार्यप्रणाली का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऑनलाइन रजिस्ट्री, जमाबंदी और इंतकाल जैसे महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने तहसील के रिकॉर्ड रूम, सेवा केंद्रों और रजिस्ट्री क्लर्क के काउंटरों का निरीक्षण किया तथा कर्मचारियों की हाजिरी रजिस्टर भी चेक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर कोई भी फाइल बिना कारण लंबित न रखी जाए। यदि किसी आवेदन या दस्तावेज में कोई कमी हो, तो संबंधित आवेदक को तुरंत सूचित किया जाए, ताकि समय पर सुधार किया जा सके।
डीसी अपराजिता ने कहा कि रजिस्ट्री होने के उपरांत इंतकाल दर्ज करने की प्रक्रिया को भी तय समय के भीतर पूरा किया जाए, जिससे नागरिकों को अपनी भूमि के मालिकाना हक से संबंधित रिकॉर्ड प्राप्त करने में देरी न हो। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा पंजीकरण प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से पेपरलेस सिस्टम लागू किया गया है। इस प्रणाली का मुख्य उद्देश्य आमजन को बिना किसी परेशानी के सरकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने पेपरलेस रजिस्ट्री प्रक्रिया में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने तहसील कार्यालय में आने वाले नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया और कहा कि राजस्व सेवाएं पारदर्शी, सुगम और जनहितकारी होनी चाहिए।