जिला प्रशासन ने लोगों व कॉलेज छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए दो पहल की है। जिसमें डीसी ने व्हॉट्सएप डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन कैथल नाम की योजना जारी करते हुए 99969-37500 मोबाइल नंबर जारी किया है। इस नंबर पर व्हॉट्सएप के माध्यम से डब्ल्यू-डाक नामक इस सेवा पर कोई भी जन समस्या को भेज सकेगा। जिसका तुरंत निवारण किया जाएगा। संबंधित व्यक्ति समस्या से जुड़ी फोटो व व्हॉट्सएप लोकेशन इस नंबर पर डालें, ताकि संबंधित विभाग जल्द उस स्थान पर पहुुंचे और समस्या का निवारण करें।
दूसरी सेवा के तहत इसी माह से विद्या वाहिनी नामक सेवा शुरू की जाएगी। जिसमें बस अड्डे से कॉलेजों तक छात्राओं को लाने व ले जाने के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी। ताकि बेटियों को कोई परेशानी न हो। यह जानकारी डीसी डा. प्रियंका सोनी ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में मासिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। जिसमें कई अन्य योजनाओं की भी जानकारी दी।
परिवार पहचान पत्र बनाने के लिए आवेदन करें : डीसी ने बताया कि सरकार द्वारा परिवार पहचान पत्र बनाने के लिए योजना शुरू की जा रही है। सभी जिला वासी परिवार पहचान पत्र बनाने के लिए अंत्योदय केंद्र में आवेदन करें, सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए यह पहचान पत्र आधार रहेगा।
मेरी फसल मेरा ब्योरा योजना में पूरी जमीन की डिटेल दें : डीसी ने कहा कि पता चला है कि कुछ लोग मेरी फसल मेरा ब्यौरा नामक योजना में पोर्टल पर अज्ञात भय के चलते अपनी पूरी जमीन का ब्योरा नहीं दे रहे। उनकी अपील है कि वे किसी भी तरह की चिंता ना करें। इस पर डिटेल देने से उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा।
लगातार जारी रहेगी बीपीएल कार्ड बनाने की प्रक्रिया : डीसी ने कहा कि जिले में सीएम के आदेशानुसार बीपीएल कार्ड बनाने की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। जो व्यक्ति बीपीएल कार्ड बनवाना चाहता है, वह आवेदन कर सकता है।
पानी बचाने में पूरे जिले में 66वे नंबर पर : डीसी डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि जिले में पानी बचाने के लिए योजना चलाई जा रही है। जिसमें कैथल 66वें नंबर पर है। यह अभियान आगामी 15 सितंबर तक जारी रहेगा, जिसके तहत और भी अन्य गतिविधियां चलाकर जल संरक्षण की दिशा में कार्य किया जाएगा। चुनाव को देखते हुए अभी समय है, लोग अपने वोटर आईडी कार्ड भी बनवा लें।
पुलिस अधिकारियों को कई मामलों में कार्रवाई के निर्देश : डीसी ने पार्कों में शराबियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर दर्ज राहत कोष घोटाले में कार्रवाई करने, लड़कियों के स्कूल के सामने सड़क को अतिक्रमण से मुक्त करवाने संबंधी निर्देश जारी किए। साथ ही पुलिस रात को सड़कों पर पशु छोड़कर जाने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई करे। इसके अलावा सब्जी मंडी जाने वाली सड़क के एक साइड को खाली करवाया जाए।
लोगों से अपील, गाय संरक्षण में सहयोग करें : डीसी ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि वे गाय के संरक्षण के लिए गोशालाओं में सहयोग दें। गायों को सड़काें पर न छोड़ें। सड़कों पर घायल पशुओं के इलाज के लिए डीसी ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों से बात कर योजना बनाने की बात कही।
नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश, दस दिन में ठीक करवाएं सड़क : डीसी ने नगर परिषद के ईओ अशोक हुड़िया को निर्देश दिए कि वे जींद रोड पर बाईपास तक खोदी गई सड़क व पुराने अस्पताल के निकट की सड़क को दस दिनों में ठीक करवाएं। ताकि लोग परेशान ना हों। साथ ही पुराने बस अड्डे से जींद रोड तक लाईट की व्यवस्था आगामी 10 दिनों में दुरुस्त करने के भी निर्देश जारी किए।
सीएमओ को निर्देश, विभाग मुख्यालय से तालमेल बैठाकर अल्ट्रासाउंड सुविधा देने बारे विचार करें : सीएमओ डॉ. एसके नैन ने मीडिया को बताया कि जिले में लिंगानुपात बढ़कर 914 हो गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बारिश के मौसम में अपने घरों में पानी ना खड़ा होने दें। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ उठाएं। आयुष्मान योजना के तहत एक करोड़ 80 लाख रुपये स्वास्थ्य सेवाओं के लिए खर्च किए जा चुके हैं। डीसी डा. प्रियंका सोनी ने सीएमओ को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग मुख्यालय स्तर पर बातचीत कर जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा देने बारे फैसला करें। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी शमशेर सिंह सिरोही ने सक्षम योजना की जानकारी दी। मौके पर डीएसपी कुलवंत सिंह, सीएमओ डॉ. एसके नैन, कार्यकारी अभियंता प्रशांत, कुलदीप, बनारसी, नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार, डीआईओ दीपक खुराना, उप सिविल सर्जन डॉ. नीलम कक्कड़, एमई राजकुमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी शमशेर सिरोही, कार्यकारी अभियंता सोमबीर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।