यज्ञ में आहुति डालते प्राचार्य व छात्र
पूंडरी। डीएवी पब्लिक स्कूल में नव शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ वैदिक रीति-रिवाजों के साथ हवन कर किया गया। आचार्य रविंद्र शास्त्री के सान्निध्य में मंत्रोच्चारण के बीच कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यकारी प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार ने हवन में आहुति डालकर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने विद्यार्थियों को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही अच्छे संस्कार अपनाने और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम में तीसरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। नव आगंतुक छात्रों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। हवन यज्ञ में छात्र-छात्राओं ने श्रद्धा भाव से भाग लिया। पूरे परिसर में वैदिक मंत्रों की गूंज रही। कार्यक्रम का माहौल आध्यात्मिक और प्रेरणादायक बना रहा। संवाद