शहीद उद्यम सिंह चौक पर पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पिछले पांच दिनों से धरने पर बैठी महिला की बेटी ने भी भूख हड़ताल शुरू कर दी है। महिला की बेटी ने कहा कि जब तक पूर्व विधायक की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक भूख हड़ताल पर रहेंगी। उन्होंने कहा कि उनकी सुनवाई नहीं की जा रही और भाजपा के पूर्व विधायक को सरकार व पार्टी का अंदरूनी समर्थन प्राप्त है।
पुलिस द्वारा शहीद उद्यम सिंह चौक पर स्थित धरना दे रही पीड़ित परिवार को जगह खाली करने के लिए रविवार को पुलिस द्वारा नोटिस दिया गया था। पुलिस का कहना है कि इस स्थल पर शहीद उद्यम सिंह की प्रतिमा है जिस पर गणतंत्र दिवस पर प्रशासन द्वारा फूल मालाएं चढ़ाकर शहीदों की श्रद्धांजलि दी जाती है। इसलिए यह स्थल गणतंत्र दिवस को खाली होना चाहिए। धरनारत परिवार ने स्थल को खाली कर सड़क के एक साइड में अपना टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया हैै। सोमवार सांय डीएसपी गुहला किशोरी लाल व एसआईटी कमेटी की सदस्य डा. नन्हीं देवी व पुलिस कर्मचारियों के साथ धरनारत परिवार को समझाने के लिए आए और कहा कि आप धरना समाप्त कर अपने घर जाएं, एसआईटी अपना कार्य कर रही है। लेकिन पीड़ित महिला के परिवार ने बिना पूर्व विधायक की गिरफ्तारी से धरना समाप्त करने से स्पष्ट इनकार कर दिया। वहीं डीएसपी किशोरी लाल ने कहा कि महिला को कोठी खाली होकर मिल चुकी है। महिला को आश्वासन दिया गया है कि एसआईटी जांच के बाद उचित कार्रवाई होगी।