पाई। सीमित संसाधनों के बावजूद गांव पाई की बेटी किरण ने जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव और प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के बाद गांव में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने किरण, उसके परिवार तथा कोच को बधाई दी है।
जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियन प्रतियोगिता पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में 24 दिसंबर से 28 दिसंबर तक आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में देशभर से विभिन्न राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया। किरण ने हरियाणा टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल मुकाबले में हरियाणा टीम ने राजस्थान को हराकर दमदार तरीके से फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में हरियाणा का सामना साई की टीम से हुआ। बेहद रोमांचक मुकाबले में हरियाणा की टीम ने 46-45 के करीबी अंतर से जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस पूरे टूर्नामेंट में किरण की भूमिका निर्णायक रही और उसने हर मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया। अपनी सफलता का श्रेय किरण ने कोच और परिवार को दिया। उसने कहा कि परिवार ने हमेशा उसका हौसला बढ़ाया और कोच ने सही मार्गदर्शन दिया। किरण के कोच शमशेर सिंह उर्फ शेरी ने बताया कि किरण के पिता चाय की दुकान चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं।