पाई। इन दिनों गेहूं की बिजाई का काम जोरों पर चल रहा है, लेकिन ऐन वक्त पर डीएपी खाद की किल्लत ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सहकारी समितियों (सोसाइटियों) में खाद की सप्लाई कम होने के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष बलवान पाई, महावीर, नरेंद्र, संजय आदि ने बताया है कि सीजन की शुरुआत में सोसाइटियों में डीएपी खाद की कुछ खेप आई थी, जो देखते ही देखते खत्म हो गई।
इसके बाद से अब तक खाद की नई खेप नहीं पहुंची है। मजबूरी में कई किसान बिना डीएपी खाद डाले ही गेहूं की बिजाई करने को विवश हैं। किसानों का मानना है कि बिजाई के समय डीएपी न मिलने से फसल की शुरुआती बढ़वार रुक जाएगी और पैदावार पर भी इसका सीधा असर पड़ेगा। परेशान किसानों ने कृषि विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सोसाइटियों में पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। पाई सोसाइटी के मैनेजर आन्नन्द ने बताया कि शुरू में 1500 कट्टे आये थे, जो किसानों को दे दिया गया था।