कलायत। पशुपालकों व युवाओं के स्वरोजगार के लिए पशु विज्ञान केंद्र तितरम की ओर से सात दिवसीय डेयरी फार्मिंग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। केंद्र के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. राजेंद्र श्योकंद ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को पशुओं की नस्लें, उनकी पहचान, नस्लों को सुधारने के उपाय, गर्भकाल में पशुओं की देखभाल और छोटे बच्चों की मृत्युदर के कारण व बचाव पर जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा पशुओं के लिए संतुलित आहार बनाने के तरीके, खनिज मिश्रण का महत्व, पशुओं का बीमारियों से बचाव, वर्ष भर के लिए हरा चारा उत्पादन, स्वस्थ व स्वच्छ दुग्ध उत्पादन, डेयरी फार्मिंग का लेखा जोखा के बारे में विशेष जानकारी दी जा जाएगी। डॉ. श्योकंद ने बताया कि प्रशिक्षण के इच्छुक पशुपालक व युवा 20 फरवरी सुबह 10 बजे तक आधार कार्ड की कॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो व निर्धारित 500 रुपये फीस जमा करवा कर अपना पंजीकरण करवा सकते हंै। शिविर 22 से 28 फरवरी तक गांव तितरम के पंचायत भवन में आयोजित किया जाएगा। संवाद