कैथल,सीवन। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के लिए श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। इस बार जन्माष्टमी पर सीवन में जन कल्याण ट्रस्ट और बाबा शिवगिर दही हांडी महोत्सव समिति की ओर से 18वां दही हांडी महोत्सव बाबा नारायण दास मंदिर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत शहर में भव्य झांकियां भी निकाली जाएंगी।
जानकारी के अनुसार सीवन के युवाओं की ओर से शुरू की गई दही हांडी फोड़ने की परंपरा सामाजिक एकता की मिसाल बन गई है। इस बार युवाओं की टोली पूरे नगर में अलग-अलग जगहों पर 11 दही-हांडी फोड़ेगी। जन कल्याण ट्रस्ट और शिवगिर दही हांडी महोत्सव समिति के संस्थापक प्रवीन शर्मा व सुभाष शर्मा ने बताया कि नगर के युवा पिछले 18 साल से दही-हांडी फोड़ने का कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। इस कार्यक्रम को देखने के लिए क्षेत्र के दूर-दराज के लोग भी पहुंचते हैं। चेतन शर्मा ने बताया कि सीवन में बाबा नारायण दास मंदिर की काफी मान्यता है। इस मंदिर की कुछ ही दूरी पर बाबा शिवगिर मंदिर भी स्थापित है, यहां पर स्थापित मूर्तियां काफी पुरानी हैं लेकिन मंदिर की हालत जर्जर है। इस मंदिर के सुधार के लिए गांव के कुछ युवा आगे आए और यहां पर श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर दही-हांडी कार्यक्रम आयोजित करने की परंपरा को शुरू किया। कार्यक्रम आने वाले चढ़ावे को मंदिर में दान में दिया जाता है।
शुरूआत में फोड़ी जाती थी तीन दही हांडी
समिति सदस्य मोहन सैनी व धमेंद्र शर्मा ने बताया कि वर्ष 2006 में महज तीन दही-हांडी फोड़कर आयोजन की शुरूआत की गई थी। अब कुल 11 दही-हांडी फोड़े जाते हैं। इस कार्यक्रम में कुल 50 युवा दही-हांडी फोड़ने का कार्य करते हैं। इसके लिए युवाओं की ओर से 20 दिन पहले ही अभ्यास शुरू किया जाता है। सबसे ऊंची दही हांडी 51 फीट और 41 फीट तक की रहती है। सबसे अंतिम दही-हांडी शाम साढ़े छह बजे बाबा नारायण दास मंदिर परिसर में फोड़ी जाती है। झांकियां निकालने का सिलसिला सुबह 10 बजे से ही शुरू हो जाता है। इसमें श्री कृष्ण, श्रीराम, शिव-पार्वती और अन्य झांकियां निकाली जाती हैं। इस कार्यक्रम में शेखर राणा, मुकेश शर्मा, प्रवीन सैनी, चेतन शर्मा, टोनी, राजेश शर्मा, गौरव भट्ट, विकास शर्मा, पवन प्रजापत, अमन सैनी, बादशाह सैनी, अतुल शर्मा का सहयोग रहता है। इस बार युवाओं की ओर से गोशाला के बाहर, राजकीय स्कूल के बाहर, पीपल वाला चौक, स्वर्गद्वार मंदिर, कृष्ण कृपा मंदिर, आंबेडकर भवन, ओढों वाला मोहल्ला, वाल्मीकि चौक, नागा बाबा रोड और बाबा नारायण दास मंदिर परिसर में दही हांडी फोड़ी जाएगी।