गुरु ब्रह्मानंद चौक से कैथल की ओर जाने वाली निर्माणाधीन सड़क के लगभग 1500 मीटर टुकड़े के निर्माण कार्य में संबंधित ठेकेदार द्वारा भारी लापरवाही बरती जा रही है। वाहन चालकों व कस्बावासियों की मांग पर कैथल से पूंडरी तक सड़क के बनाए जाने का कार्य शुरू हुआ था। लेकिन अब इस छोटे से टुकड़े का निर्माण लंबे समय से लंबित पड़ा है। सड़क का निर्माण कार्य कछुआ चाल से चलने से राहगीरों, वाहन चालकों व दुकानदारों का भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों नवीन कुमार, सुरेश कुमार, दिलबाग सिंह, नवीन कुमार, प्रदीप, सुरेश व बलराज ने कहा कि सड़क पर उड़ती धूल व पत्थरों से काफी परेशान हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा टेंडर शर्तों के अनुसार इस पर कार्य नहीं किया जा रहा है। हर रोज सुबह-शाम सड़क पर पानी का छिड़काव करना चाहिए, जो नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माणाधीन होने पर उनका कामधंधा काफी चौपट हो गया है। दिनभर उड़ने वाली धूल व वाहनों के टायरों से टकराकर पत्थर उनकी दुकानों में घुस रहे हैं। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
एसडीओ आशीष चौहान ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर सड़क बनकर तैयार हो जाएगी। निर्माण सामग्री की समय-समय पर जांच की जाती है। किसी भी प्रकार की सामग्री में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।