खुराना रोड नानकपुरी कॉलोनी में एक महिला ने पारिवारिक कलह के चलते तीन साल के बेटे व छह साल की बेटी को जहर देकर खुद भी जहर निगल लिया। जिस कारण उसकी व बेटे की मौत हो गई। वहीं बेटी निजी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है। मृतका के पिता ने उसके पति सहित सात पर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में सात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं आस-पास के लोगों का कहना है कि मृतका को उसका पति वैष्णो देवी धाम लेकर नहीं गया, इसी कलह के चलते उसने ऐसा कदम उठाया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे खुराना रोड स्थित नानकपुरी कॉलोनी में महिला सुनीता ने अपने तीन वर्षीय बेटे राहुल व छह वर्षीय बेटी पायल के साथ जहर निगल लिया। तीनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां रात करीब 12 बजे महिला के बेटे राहुल ने दम तोड़ दिया। वहीं सुबह करीब छह बजे महिला सुनीता ने भी दम तोड़ दिया। उसकी छह वर्षीय बेटी पायल की हालत भी काफी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के अलवर निवासी कश्मीर सिंह ने बताया कि उसकी बेटी की शादी वर्ष 2010 में कैथल के खुराना रोड नानकपुरी कॉलोनी में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसकी बेटी का दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उन्होंने बताया कि उनका जमाई नरेश कई बार पैसे की मांग करता था। कुछ समय पहले उस पर दुष्कर्म का भी केस दर्ज हुआ था। केस के दौरान भी उनसे पैसे की मांग की थी। दहेज न लाने पर ससुराल पक्ष के लोग उसकी बेटी से मारपीट कर तंग करते थे। वह काफी लंबे समय से अपनी बेटी व उसके ससुराल के लोगों को समझाते आ रहे थे। 10 जनवरी को उसकी करीब 28 वर्षीय बेटी सुनीता ने अपने तीन वर्षीय बेटे व छह वर्षीय बेटी के साथ जहर खाकर जान दे दी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना उनको उनके एक संबंधी ने दी।
शहर थाना एसएचओ अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक महिला के पिता राजस्थान के अलवर निवासी कश्मीर सिंह की शिकायत पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सुनीता के पति नरेश उर्फ निक्का, जेठ राकेश उर्फ हीरा, ससुर सतपाल, सास बंती देवी, पति के चाचा जिकेंद्र, दादा चंदा व नानी संतो के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
लोग बोले वैष्णो देवी न ले जाने कारण हुआ कलह
महिला सहित बच्चों के जहर खाने के मामले पर जब पुलिस नानकपुरी कॉलोनी में पहुंची तो आस-पास के लोगों ने बताया कि 9 जनवरी को महिला का पति नरेश वैष्णो देवी जा रहा था। जिस पर महिला ने बच्चों सहित साथ जाने के लिए कहा था। जिस पर नरेश ने कहा कि वह दोस्तों के साथ जा रहा है। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। वह चला गया। इसके बाद 10 जनवरी की दोपहर को महिला ने अपने बेटे व बेटी सहित जहर निगल लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी पति निजी ड्राईवर के तौर पर काम करता है।