कैथल के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में ही हंगामा कर दिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर महिला को गलत टीका लगाने का आरोप लगाया। बता दें कि इस महिला को छाती में परेशानी हुई थी। इसके बाद सोमवार को उसे इस निजी अस्पताल में दाखिल करवाया था।
सीवन निवासी 25 वर्षीय कविता की हुई है मौत, पुलिस शिकायत मिलने पर जांच करेगी शुरू
परिजनों का आरोप था कि सीवन निवासी 25 वर्षीय कविता मंगलवार रात तक पूरी तरह से ठीक थी, लेकिन बुधवार सुबह के समय महिला को गलत टीका अस्पताल में कार्यरत एक कर्मी ने लगा दिया। इसके बाद कुछ ही देर बार उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना के बाद परिजनों द्वारा हंगामे की सूचना मिलने के बाद मौके पर शहर थाना से एसएचओ रोहताश कुमार अपनी टीम के साथ पहुंचे।
अभी फिलहाल पुलिस का कहना है कि उन्हें यदि कोई अस्पताल में खिलाफ शिकायत मिलती है तो वे आगे की कार्रवाई शुरू करेंगे। महिला की मौत के बाद उसके परिजनों का रो-रो कर बूरा हाल है। महिला के पति राजेश ने बताया कि वह गोगा माड़ी मोहल्ला सीवन का रहने वाला है। उसकी 25 वर्षीय पत्नी कविता को सोमवार दोपहर बाद छाती में अधिक दर्द हो गया। इसके बाद वे शहर में स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचे थे। एक दिन बाद ही उसे आराम हो गया और वह ठीक हो गई।
मंगलवार रात के उसकी पत्नी ने उससे कहा कि वह जल्द ही अब डॉक्टर से छुट्टी ले ले। वहीं, जब बुधवार सुबह उसकी पत्नी को अस्पताल के एक कर्मी ने टीका लगाया था। इस टीके के लगाने के कुछ देर बाद ही उसकी अचानक मौत हो गई। उसने बताया कि उसकी तीन साल की एक बेटी व डेढ़ साल का बेटा है। वह बच्चों की मां के बिना कैसे उनका लालन-पालन कर पाएंगे। अस्पताल के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी दूसरे के साथ ऐसा न हो।
जांच अधिकारी के अनुसार
वहीं, थाना शहर प्रभारी रोहताश कुमार ने बताया कि सीवन निवासी 25 वर्षीय कविता की इलाज के दौरान मौत हुई है। कविता का ससुराल सीवन में है और यह कलायत हल्के के गांव जाखौली की बेटी है। यदि शिकायत मिलेगी तो आगामी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, अस्पताल के संचालक रामकीर्ति गर्ग ने बताया कि महिला कविता को तीन दिन पहले ही आंतों में रुकावट थी। यह 14 दिन पहले से बीमार थी। मंगलवार को उसे कुछ आराम भी मिला। इसके बाद उन्होंने अपनी तरफ से अच्छा इलाज देने के इलाज जारी रखा। उसे अचानक दौरा आया तो उसकी मौत हो गई। आंतों में अचानक भी अधिक इंफेक्शन हो जाता है। कविता को किसी भी प्रकार का गलत इंजेक्शन नहीं दिया गया है। एक डॉक्टर हमेशा अपने मरीजों को अच्छा इलाज देता है।