कैथल। मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश सिंह विर्क ने पेंशन हड़पने के मामले में गांव जुलानी खेड़ा के पूर्व सरपंच कर्मबीर के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस मामले के शिकायतकर्ता जयदीप के खिलाफ शिकायत करके बाद में मुकर जाने के कारण केस दर्ज करने को कहा है। वे मंगलवार को लघु सचिवालय में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे।
ये था मामला
गांव जुलानी खेड़ा के जयदीप ने शिकायत की थी कि गांव के पूर्व सरपंच कर्मबीर द्वारा मृतक धनपति पत्नी महेंद्र सिंह, किताबों पत्नी नफेसिंह की विधवा पेंशन उनकी मृत्यु के बाद खुद हड़प ली। हालांकि दोषी पाए जाने पर पूर्व सरपंच कर्मबीर से 5064 रुपये की राशि 12 प्रतिशत ब्याज सहित कार्यालय में जमा करवा दी गई थी। इस शिकायत पर कड़ा रुख अपनाते हुए बख्शीश सिंह ने कहा कि मात्र पेंशन का गबन करके उसके ब्याज सहित राशि लौटाना दोषी को कोई सजा नहीं, बल्कि इस मामले में पूर्व सरपंच के खिलाफ तथा शिकायतकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। शिकायतकर्ता जयदीप ने पहले शिकायत करके बाद में अपनी शिकायत न करने की बात कही थी, लेकिन मुख्य संसदीय सचिव ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए।
इसी प्रकार से कैथल नगर परिषद के अंतर्गत जनकपुरी कालोनी के वार्ड नंबर 18 में गली के निर्माण के लिए 30 अगस्त 2014 को लगभग 10 लाख रुपये के टेंडर होने के बावजूद निर्माण न होने की शिकायतकर्ता बलदेव सिंह की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मुख्य संसदीय सचिव ने तथ्यों की पूरी पड़ताल करने के बाद शिकायतकर्ता को आगे की जांच में शामिल करते हुए आगे रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दिए, ताकि अगली बैठक में इस शिकायत पर संबंधित दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
गांव धौंस के लोगों की शिकायत पर गांव से शराब के ठेके को बाहर स्थापित करवाने के निर्देश दिए गए। गांव ककहेड़ी निवासी धूम सिंह की शिकायत थी कि सरपंच द्वारा एचआरडीएफ स्कीम के तहत 15 लाख 50 हजार रुपये की राशि विकास कार्यों में उचित प्रकार से खर्च नही की गई। इस कार्य में अनियमितता बरती गई है। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि इस मामले की जांच अतिरिक्त उपायुक्त द्वारा की जा रही है तथा प्रथम दृष्टया शिकायत में प्रमाण मिले हैं, लेकिन गुणवत्ता जांच के लिए सैंपल प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं गांव बालू बिढ़ान पट्टी के गुरुदेव सिंह की शराब के ठेके संबंधी शिकायत पर समिति सदस्यों अशोक ढांडा तथा जयप्रकाश की कमेटी का गठन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में एजेंडे में शामिल 15 शिकायतों में से अधिकतर का निपटान कर दिया गया है तथा अन्य शिकायतों की जांच रिपोर्ट आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए।
बैठक में डीसी निखिल गजराज, एसपी सुमित कुमार, एडीसी जितेंद्र कुमार, एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक, कमलप्रीत कौर, ओमप्रकाश, पुलिस उपाधीक्षक सतीश गौतम, जिला भाजपा अध्यक्ष सुभाष हजवाना, रवि भूषण गर्ग, जिला परिषद की सदस्या शकुंतला वजीरखेड़ा, गुलाब सिंह, जगीर सिंह तथा कष्ट निवारण समिति के मनोनित सदस्य व विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।
अपने क्षेत्र में विकास को बढ़वा दें जनप्रतिनिधि:-बख्शीश
बैठक में मुख्य संसदीय सचिव ने पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विकास की गति को बढ़ावा दें, ताकि सभी क्षेत्रों का समान विकास हो सके। आपसी झगड़ों का निपटारा भी ग्राम स्तर पर किया जाए, जिससे भाईचारा मजबूत हो।