जिला जेल में बंद कैदियों वीरवार को झगड़ा हो गया। दो गुटों में हुए झगड़े में किसी को चोट तो नहीं आईं, लेकिन सूचना मिलने पर जेल में हड़कंप मच गया। बाद में जेल प्रशासन ने कैदियों के पास से मोबाइल भी बरामद किया। शहर पुलिस ने जेल सुपरिटेंडेंट की शिकायत पर छह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जेल सुपरिटेंडेंट सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जिला जेल में बंद महाबीर उर्फ बबली, विरेन्द्र उर्फ बिल्लू, सुरेश, सुभाष, रवि, संदीप ने 11 अगस्त को कैदी ब्लॉक नंबर 6 के कमरा नंबर तीन में गुट बनाकर आपस में झगड़ा किया। मौके पर ड्यूटी पर तैनात हैड वार्डर पवन कुमार ने बंदियों को अलग-अलग किया। जिसमें जेल में बंद महाबीर ने बताया कि झगड़ा मोबाइल फोन के कारण हुआ। बंदी ने सफेद रंग का डीपीएस मार्का का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। हेड कांस्टेबल राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने जेल सुपरिटेंडेंट की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आधा दर्जन से अधिक मिल चुके हैं जेल में मोबाइल
इससे पहले भी जिला जेल से आधा दर्जन से अधिक मोबाइल मिल चुके हैं। कैदियों व बंदियों से मोबाइल लगातार मिल रहे हैं। लेकिन जेल प्रशासन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। यह अपने आप में बड़ा सवाल है कि जेल में मोबाइल पहुंचते कैसे हैं। क्या कोई जेल अधिकारी या कर्मचारी इसमें मिला हुआ है। या फिर कोई ऐसा गिरोह काम कर रहा है, जेल प्रशासन को इसकी भनक नहीं लगने देता।