हरियाणा के कैथल के कलायत क्षेत्र के बात्ता गांव में बेची गई जमीन का पैसा नहीं देने पर थापी से पीटकर पत्नी की हत्या करने का आरोप पति पर लगा है। मृतका के भाई शिव कुमार की शिकायत पर थाना कलायत पुलिस ने आरोपी पति कुलदीप के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया। मृतका बाला देवी (55) चार बेटियों की मां थी।
पुलिस को दी शिकायत में जिला जींद के गांव सुदकैन निवासी शिव कुमार ने बताया कि वे लोग तीन भाई व पांच बहनें हैं। बहन बाला देवी की शादी करीब 35 वर्ष पहले बात्ता नथवाण पट्टी निवासी कुलदीप के साथ की थी। कुलदीप शुरू से ही उसकी बहन की पिटाई करता था। इस मामले को लेकर कई बार पंचायतें भी हुईं।
कुछ दिन ठीक रहने के बाद पिटाई का सिलसिला शुरू हो जाता। उसकी बहन के चार बेटियां हुई, जिनमें से दो की शादी कर दी गई। एक सप्ताह पूर्व जब वह अपनी बहन से मिलने बात्ता गांव आया तो उसके बहनोई कुलदीप ने उनसे कहा कि कुछ समय पूर्व उन्होंने एक एकड़ भूमि बेची है। तुम्हारी बहन उसके पैसे मुझे नहीं दे रही। मुझे उससे बेची गई जमीन के पैसे दिलवाओ, नहीं तो मैं उसे मार दूंगा।
उस दिन कुलदीप को समझा कर वह वापस अपने गांव आ गया। उसके भांजे का बुधवार सुबह उसे फोन आया कि कुलदीप ने मौसी को बहुत चोट मार दी हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और कैथल के नागरिक अस्पताल में दाखिल हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कुछ समय पहले बहन ने घरेलू जरूरत के लिए एक एकड़ जमीन को बेचा था। इस रकम की जीजा की ओर से फिजूल खर्च की जा रही थी। जब बहन ने इसका विरोध किया। इस पर वह उसके साथ कलह करने लगा।
इसके चलते ही उसने बाला देवी को जमीन पर पटक कर मारा। उसके बाद थापी से उसे पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल ले जाते समय बाला देवी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। कलायत थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया की शिव कुमार की शिकायत पर आरोपी कुलदीप के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।