हरियाणा के कैथल में ड्यूटी में कोताही बरतने के आरोप में मंगलवार को गुहला एसएचओ राजेश व एसआई नरेश कुमार को एसपी मकसूद अहमद ने निलंबित कर दिया है। इसके बाद विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
वर्ष 2018 व 2021 में लड़ाई-झगड़े के मामले गुहला थाना में दर्ज हुए थे। 10 मार्च को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में जवाब भेजना था, लेकिन आरोपी कर्मचारियों ने कोई जवाब नहीं भेजा। मामला हाईकोर्ट से जुड़ा होने के कारण विभागीय स्तर पर मामले में सख्त कार्रवाई को लेकर संज्ञान लिया।
इस पर एसपी मकसूद अहमद ने दोनों कर्मचारियों गुहला के एसएचओ राजेश व एसआई नरेश कुमार को निलंबित कर दिया है। एसपी ने कहा कि एसएचओ गुहला सहित एएसआई को निलंबित किया है। ड्यूटी में कोताही बरतने वाले किसी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामला कोर्ट से जुड़ा हुआ था, समय से काम न करने पर यह कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी एसपी मकसूद अहमद ने भ्रूण जांच के मामले में धरे गए दो आरोपियों को थाने से जमानत देने के मामले में सब इंस्पेक्टर राजकुमार और सब इंस्पेक्टर सत्यवान को निलंबित कर दिया है। उस समय भी एसपी ने प्रथम दृष्टया जांच में लापरवाही सामने आने के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की थी।
साथ ही विभागीय जांच भी की जा रही है। उस मामले में कैथल और गुडग़ांव से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 17 दिन की छानबीन के बाद दोनों आरोपियों को काबू किया था, जिन्हें पुलिस ने न्यायालय में पेश किए बिना ही जमानत पर रिहा कर दिया था।