खन्ना पुलिस ने उत्तर प्रदेश से जाली करंसी लाकर हरियाणा व पंजाब के अलग-अलग शहरों में सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने निर्मल सिंह निवासी खन्ना, नरेश कुमार निवासी करनाल (हरियाणा), कुलदीप सिंह व रवि कुमार निवासी पानीपत (हरियाणा) को 1 लाख 19 हजार 500 रुपये की जाली करंसी व गाड़ी समेत गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। इस बात का खुलासा पुलिस जिला खन्ना की एसएसपी अमनीत कौंडल ने प्रेसवार्ता में किया।
एसएसपी ने बताया कि 11 मार्च की सुबह खन्ना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग जाली करंसी का काम करते हैं और वह अभी अपनी गाड़ी से जाली करंसी सप्लाई करने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने खन्ना के अमलोह चौक पर नाकाबंदी कर हर एक आने-जाने वाली गाड़ी को चेक करने लगे। इसी दौरान जैसे सूचना मिली थी कि सफेद रंग की गाड़ी व गाड़ी का नंबर बताया गया था, वहीं नंबर की गाड़ी पुलिस को सामने आती दिखाई दी लेकिन पुलिस को देख आरोपियों ने गाड़ी को खन्ना के दशहरा ग्राउंड की तरफ घुमा दिया। पुलिस ने तुरंत गाड़ी का पीछा कर उन्हें दशहरा ग्राउंड से पकड़ा।
तलाशी लेने पर गाड़ी से एक लाख 19 हजार 500 रुपये की जाली नकदी बरामद हुई। इसमें 500 रुपये के 227 और 20 रुपये के छह हजार जाली नोट थे। आरोपियों के खिलाफ खन्ना के सिटी थाना टू में मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी ने बताया कि 11 मार्च को इन आरोपियों को पकड़ा गया था। तब से 15 मार्च तक इनके पूछताछ चल रही थी लेकिन इनके कब्जे से पैसों के अलावा भी कुछ बरामद नहीं हुआ।
एसएसपी ने बताया कि यह लोग भोले- भाले लोगों को अपना शिकार बनाते थे। रेहड़ी वाले व छोटे दुकानदारों को रात के समय नकली 500 रुपये का नोट देते थे और थोड़ा सामान लेकर बाकी असली रुपये अपने पास रख लेते थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों पर पहले भी हरियाणा के अलग-अलग शहरों में हत्या व धोखाधड़ी के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।