वर्दी पहनकर आए लुटेरों ने रौब दिखा लूटे 9 लाख, कार भी छीनी
अनाज मंडी ढांड के नजदीक अग्रसेन चौक का मामला, पुलिस ने की नाकाबंदी
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। अनाज मंडी ढांड के नजदीक अग्रसेन चौक पर पुलिस की वर्दी में आए लुटेरों ने एक व्यक्ति से उसके मोबाइल सहित 9 लाख रुपये लूट कर फरार हो गए। लूट की सूचना मिलने पर ढांड पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में चारों ओर नाकेबंदी कर लुटेरों का सुराग लगाने में जुट गई।
पुलिस को दी शिकायत में जिला मुजफ्फरनगर (यूपी) निवासी रविंद्र ने बताया कि वह अपने जीजा को एक डम्पर दिलाने के लिए बैग में 9 लाख रुपये डाल कर कार में सवार होकर कैथल निवासी विकास के पास आ रहे थे। जब कुरुक्षेत्र पहुंचे तो मेरे जीजा ने कैथल निवासी विकास को फोन करके संपर्क किया तो उसने ढांड चौक पर आने के लिए कहा। सोमवार शाम को करीब साढ़े 6 बजे जब हम ढांड चौक पर पहुंचे तो विकास वहां नहीं मिला। उससे कई बार फोन करने पर संपर्क नहीं हो सका। अचानक एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी उनके पास आई और 2 व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहने और 1 सादी वर्दी पहने उतरा। उन्होंने उसे पकड़कर जबरन गाड़ी में डाल लिया। जब जीजा ने विरोध किया तो उन्होंने कहा कि यूपी के बदमाश लगते हो तुमसे करनाल थाने में जाकर बात करेंगे। इसके बाद लुटेरों ने वारदात स्थल से करीब 30 किलोमीटर दूर जाकर उससे पैसों से भरा बैग छीनकर उसे सड़क किनारे फेंक दिया। वहां से उठकर कुछ दूरी पर एक दुकान पर जाकर उस स्थान के बारे में पता किया और दुकानदार के मोबाइल से अपने भाई को जानकारी दी। उसके बाद मेरा भाई व पुलिस मौके पर पहुंचे और मुझे वारदात स्थल पर लेकर आए। सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर महावीर सिंह से बात की तो उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में गंभीरता छानबीन कर रही है।