अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
टैक्सी स्टैंड के पास कार में सवार होकर आए चार युवकों ने एक व्यक्ति को जमकर पीटा और उसकी जेब से 50 हजार रुपये छीनकर ले गए। घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से परिजन उसे एक निजी अस्पताल में ले गए। मारपीट में युवक की पेट की आंत फट गई है। पुलिस ने घायल के ब्यान पर दो युवकों को नामजद करते हुए 4 लोगों पर मारपीट करने व लूटपाट का केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रामनिवास निवासी बड़ोपल ने बताया कि टैक्सी स्टैंड पर दो दिन पहले संजय सोनी व मंजीत के साथ उसकी कहासुनी हो गई थी। जब वह ताश खेल रहे थे तो उक्त युवकों ने उससे झगड़ा किया था और तब से यह उससे रंजिश पाले हुए थे। रविवार शाम को जब वह टैक्सी स्टैंड पर खड़ा था तो संजय व मंजीत दो अन्य युवकों के साथ काले रंग की कार में वहां आए और उसे घेर कर उससे मारपीट करने लगे। उक्त लोगों ने उसकी जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिये। उनकी मारपीट से वह बेहोश होकर गिर गया और जब उसे होश आया तो वह नागरिक अस्पताल में था। इसके बाद उसके परिजन उसे यहां के एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां पता चला कि मारपीट में उसकी पेट की आंत फट गई है। दो दिनों तक होश न होने के कारण वह पुलिस को बयान नहीं दे पाया था। शहर पुलिस ने रामनिवास की शिकायत पर मंजीत व संजय तथा दो अन्य लोगों पर अपराध की नियत से रास्ता रोकने, मारपीट करने व लूटपाट करने के आरोप में केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।