गवाही देने आई महिला के साथ मारपीट के आरोप में केस दर्ज
कैथल। कोर्ट परिसर में गवाही देने आई एक महिला के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एक गांव की महिला ने बताया कि 4 दिसंबर को वह दो आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म व एससी एसटी एक्ट के तहत कोर्ट में गवाही देने आई थी। कोर्ट से जब गवाही देकर अपने वकील के चेंबर में जा रही थी तो कोर्ट की पहली मंजिल वाले पुल पर पहले से ही दोनों आरोपी घात लगाये बैठे थे। वह उसको मारने की नीयत से आगे आये और जाति सूचक शब्द कहते हुए कहा कि तू हमारे खिलाफ गवाही देकर आई है, तुझे आज जान से मार देंगे। वह भाग कर नीचे आ गई। तब दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। जब वहां पर लोग एकत्रित हुए तो उसको जान से मारने की धमकी देकर चले गए। डीएसपी तरुण सैनी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।