नाले में मिला व्यक्ति का शव, डोगरा गेट का रहने वाला था व्यक्ति, कई दिन से था लापता
कैथल। चंदाना गेट से रेलवे स्टेशन को जाने वाली सड़क के नजदीक गंदे नाले में एक व्यक्ति का शव मिला। जिसकी शिनाख्त डोगरा गेट निवासी ज्ञानी राम के रूप में हुई। कई दिनों से पानी में पड़ा होने के कारण शव पूरी तरह से गल चुका है। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को रोहतक पीजीआई में होगा।मृतक ज्ञानी राम कई दिनों से घर से लापता था। सोमवार को मृतक का बेटा विक्की पिता के गुम होने पर सिटी थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने पहुंचा। जैसे ही विक्की ने पिता के गुम होने की बात कही तो पुलिस ने कहा कि चंदाना गेट के नजदीक नाले में एक शव मिला है। सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखा हुआ है। अन्य परिजनों को साथ ले जब वे पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचा तो शव गला होने के कारण पहचान करने में दिक्कत आई। युवक ने उंगली में पहनी हुई तांबे की अंगूठी व जेब से मिले पूडिय़ा से शव की पहचान की। मृतक के बेटे ने बताया कि उसका पिता आठ दिन पहले घर से निकला था। लेकिन वापस नहीं लौटा। आसपास पता करने के बावजूद जब कोई सुराग नहीं लगा तो गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने थाने आया था।