एटीएम कार्ड बदलकर पैसे हड़पने वाले से बरामद किए रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। सड़क किनारे कपड़े बेचने वाले बुजुर्ग दंपति का धोखे से एटीएम कार्ड बदलकर हड़पे गए 32 हजार 500 रुपये व एटीएम कार्ड सीआईए-टू पुलिस ने बरामद कर लिया है। रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी ने नरवाना व यमुनानगर में भी धोखाधड़ी से 2 एटीएम कार्ड बदलना कबूला है। जिसे लेकर दोनों जिलों की पुलिस को सूचित कर दिया गया। आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि सीआईए-टू प्रभारी इंस्पेक्टर मनीष कुमार की अगुवाई में एएसआई कृष्ण कुमार व एचसी प्रदीप कुमार की टीम ने पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी राकेश निवासी कलायत के मकान से ओबीसी बैंक का एटीएम कार्ड व 32,500 रुपये नकदी बरामद की है। गुजरात के धनजी भाई दंपति जो अब डोगरा पट्टी शक्ति नगर में रहते हैं और सड़क किनारे कपड़े बेचने का धंधा करते हैै। उनके ओबीसी बैंक के खाते से अज्ञात व्यक्ति ने 44 हजार रुपये निकाल लिया था। आरोपी राकेश को सीआईए-2 पुलिस ने जनस्वास्थ्य विभाग में चपरासी के पद पर कार्यरत रमाणा-रमाणी निवासी नरेश कुमार से 8 जून को कन्या महाविद्यालय पूंडरी के पास स्थित एटीएम कार्ड बदलने के मामले में गिरफ्तार किया था।