शुगर मिल गेट पर सो रहे किसान को अज्ञात ट्रैक्टर चालक ने कुचला, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव दुबल के एक किसान की शुगर मिल में अज्ञात ट्रैक्टर के कुचलने से मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
मृतक के बेटे मनीष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 मार्च को शाम 6 बजे के करीब उसके पिता महिपाल ट्रैक्टर ट्रॉली में गन्ना लोड कर शुगर मिल कैथल के लिए गए थे। रात को उसके पड़ोसी संजीव ने फोन कर बताया कि आपके पिता जी की किसी अज्ञात ट्रैक्टर चालक के कुचलने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि उसके पिता रात के समय ट्रैक्टर को गेट के पास रोककर सो गए थे। इस दौरान किसी अज्ञात ट्रैक्टर चालक ने अनदेखी में उसके पिता को कुचल दिया और मौके से भाग गया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचा दिया है। एएसआई साहब सिंह मामले की जांच कर रहे हैं।