दादा खेड़ा मंदिर में चोरी करने वाला वांछित गिरफ्तार
फोटो संख्या-11
कैथल। गांव के दादा खेड़ा से सोने का सिक्का व चांदी के सांड की प्रतिमा चोरी करने के मामले में वांछित आरोपी को सीआईए-1 पुलिस ने गांव करोड़ा में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर उसके मकान में रखी पेटी में रखी करीब 40 हजार रुपये मूल्य की 674 ग्राम वजनी चांदी सांड (खागड़) मूर्ती बरामद कर ली गई।
क्राइम ब्रांच प्रथम प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष श्योकंद ने बताया कि सहायक उपनिरीक्षक रमेश कुमार, एएसआई जितेंद्र, एचसी नरेश कुमार व हवलदार धर्म सिंह की टीम द्वारा गांव करोड़ा से इसी गांव निवासी आरोपी हरदीप (35 वर्षीय) को काबू करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। गांव हरसौला निवासी अशोक कुमार की शिकायत पर थाना तितरम में 10 सितंबर को दर्ज मामले अनुसार उसका पिता गांव के दादा खेड़ा पर पुजारी है, जो 9 सितंबर की रात करीब 9 बजे तबियत खराब होने कारण मंदिर पर लॉक लगाकर घर चला गया। अगली सुबह अशोक कुमार दादा खेड़ा पर पहुंचा तो, ताला टूटा हुआ मिला। खेड़ा के अंदर दीवार से चिपका हुआ सोने का सिक्का व चांदी का खागड़/सांड गायब मिला। इस मामले में करोड़ा निवासी करीब 38 वर्षीय आरोपी बलिंद्र को पहले ही पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है।