बेटे ने ही गला दबाकर की थी पिता की हत्या
बाकल में तीन दिन पूर्व मिला था अधेड़ का शव, जांच में हुआ खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव बाकल में 3 दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में करीब 52 वर्षीय महा सिंह की हत्या की गई थी। पुलिस ने हत्यारोपी मृतक के पुत्र 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गला घोंटने के लिए प्रयोग किया गया परना बरामद कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना पूंडरी प्रभारी सब इंस्पेक्टर धर्मपाल ने बताया कि महा सिंह की दो शादियां हुई थी, जिसमें पहली पत्नी के 22 वर्षीय पुत्र रोबिन द्वारा प्लाट व जमीन अपने नाम करवाने के लिए अपने पिता को परेशान किया जा रहा था। गत 9 मार्च को आरोपी द्वारा दिन के समय अपने घर पर ही महा सिंह की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक की दूसरी पत्नी के बयान पर दर्ज मामले की जांच के दौरान शव का पोस्टमार्टम करवाकर सुपुर्द कर दिया गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी रोबिन को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।