शराब के लिए पत्नी को धार्मिक स्थल ले जाने का बहाना बनाकर गन्ने के खेत में मालिक के हवाले किया
- किसी तरह चंगुल से निकल कर महिला ने दी पुलिस को सूचना, पूर्व पुलिस कर्मचारी खेत मालिक सहित पति को किया पुलिस ने गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। अपनी पत्नी को शराब के लिए गन्ने के खेत में एक अधेड़ व्यक्ति के हवाले करने के आरोपी पति व पूर्व पुलिस कर्मचारी को पुलिस ने काबू किया है। महिला का पति उसे एक धार्मिक स्थल ले जाने के बहाने से खेत में ले गया। जहां से खेत मालिक ने उसे शराब लेने भेज दिया और बाद में महिला से जबरदस्ती का प्रयास किया।
एसपी वसीम अकरम ने बताया कि थाना राजौंद में 17 दिसंबर को एक विवाहिता की शिकायत पर दर्ज मामले के अनुसार उसका पति उसे 17 दिसंबर की दोपहर प्रार्थना के लिए धार्मिक स्थल में ले जाने के बहाने फरीबाद क्षेत्र स्थित जयलाल के खेत में ले गया, जिसके पास उसका अक्सर उठना-बैठना था। वहां पर मौजूद जयलाल ने उसके पति को 1100 रुपये व बाइक की चाबी देते हुए शराब लाने के लिए भेज दिया। इसके बाद आरोपी ने उसकी पत्नी को दुराचार की नीयत से कमरे में बंद कर दिया। आरोपी का इरादा भांपकर विवाहिता किसी तरीके से उसके चंगुल से निकलने में कामयाब हो गई। उसने अपने परिजनों सहित थाना राजौंद में मामले की सूचना दी। लेडी सब इंस्पेक्टर रेखा रानी की टीम ने मुस्तैदी का परिचय दिया और तुरंत कार्रवाई कर करीब 60 वर्षीय आरोपी जयलाल निवासी फरीबाद व महिला के पति को काबू कर लिया। दोनों के खिलाफ धारा 342, 376, 511, 120बी के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी जयलाल पूर्व पुलिस कर्मचारी बताया जा रहा है।
बता दें कि आरोपी पति की पहली पत्नी अपने शराबखोर पति से परेशान होकर उसे छोड़ चुकी है और आरोपी की करीब एक माह पूर्व ही दूसरी शादी हुई थी। जबकि आरोपी अधेड़ की पत्नी की लगभग 6 माह पूर्व मौत हो चुकी है। दोनों आरोपी पहले भी अक्सर एक साथ बैठकर शराब पीते थे। दोनों 18 दिसंबर को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिये गए।