मुर्गी फार्म से लाखों रुपये के मुर्गे चोरी, गेट खुला रहने से कुत्तों ने पहुंचाया नुकसान
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव मटौर में मुर्गी फार्म से चोरों ने मुर्गे चोरी करने के साथ-साथ गेट खुला छोड़ दिया। जिससे कुत्तों ने मुर्गों को भारी नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने मुर्गी फार्म मालिक की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। उसे करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस को दी शिकायत में जींद के गांव संडील निवासी कुलदीप ने बताया कि गांव मटौर में सुरेंद्र के साथ मिलकर एक पोल्ट्रीफार्म का किराये पर लिया हुआ है। जिसमें 15000 मुर्गे पाल रखे हैं। जिसमें से उन्होंने 21 मुर्गे बेच दिए है। 13 दिंसबर की रात को गांव रामगढ़ निवासी विक्रम उनके मुर्गी फार्म का ताला तोड़कर 3000 मुर्गे चोरी कर ले गया। जिसके बाद वह मुर्गी फार्म का गेट खुला छोड़ गया। जिसमें कुत्तों ने उसके फार्म में काफी नुकसान पहुंचाया है। जिसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
हैड कांस्टेबल मुकेश ने बताया पुलिस ने रामगढ़ निवासी विक्रम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।