सड़क हादसे में छात्रा गंभीर रुप से घायल, चंडीगढ़ पीजीआई रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। कलायत में बुधवार को सड़क हादसे में कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा गंभीर रुप से घायल हो गई। कलायत निवासी छात्रा ज्योति ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह कपिल मुनी महिला कॉलेज में बीकॉम की पढ़ाई कर रही है। 9 जनवरी को घर से तैयार होकर वह सुबह 9 बजे के करीब सड़क की साइड से पैदल-पैदल कॉलेज जा रही थी। जब वह कॉलेज के पास पहुंची तो एक अज्ञात कार चालक ने तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए उसको सीधी टक्कर मार दी। जिससे उसको काफी चोटें आई हैं। और कार चालक मौके से भाग गया। परिजनों की सहायता से सरकारी अस्पताल कैथल ले जाया गया। जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया है। हैड कांस्टेबल रणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने चंडीगढ़ पीजीआई जाकर छात्रा के ब्यान दर्ज किया और अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।