तीन सड़क हादसे में एक व्यक्ति और युवक की मौत, एक घायल
पुलिस ने दोनों मामलों में शव परिजनों को सौंपे
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। तीन सड़क हादसों में दो की मौत व एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में मरने वाले में एक 52 वर्षीय व्यक्ति, एक 22 वर्षीय युवक शामिल है। एक अन्य हादसे में एक युवक भी घायल हो गया।
पहले मामले में राजौंद पुलिस को दी शिकायत में हिसार के बतौल जटान निवासी सतपाल ने बताया कि 3 सितंबर की शाम करीब 7 बजे उसके 52 वर्षीय चाचा जगदीश उसके ही गांव के ही रहने वाले ऑटो चालक सूरज की ऑटो में आ रहे थे। गांव किठाना के पास में ऑटो चालक ने बहुत तेज गति व लापरवाही से ऑटो चलाते हुए ऑटो को पलट दिया। हादसे में उसकी चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें उनकी मौत हो गई। हेड कांस्टेबल राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने हिसार के गांव बतौल निवासी सतपाल की शिकायत पर ऑटो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरे मामले में खेड़ी शेरखा निवासी 23 वर्षीय युवक राकेश बाइक पर जा रहा था। गांव के पास में ही बाइक असंतुलित होकर गिर गई। जिसमें उसके पेट में चोट लगी। हादसे में उसकी मौत हो गई। राजौंद थाना के हेड राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने 174 की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीसरे मामले में शहर पुलिस को दी शिकायत में गांव ककहेड़ी निवासी दीपक ने बताया कि एक सितंबर को चीका रोड बिजली घर के पास में एक अज्ञात ट्रैक्टर चालक बहुत तेज गति व लापरवाही से आया। जिसने उसको टक्कर मार दी। हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।