चोरों ने पांच जगह किया हाथ साफ
दो दुकानों से हजारों का सामान चुराया, टेलीफोन एक्सचेंज से बैट्री, पुलिस ने दर्ज किए मामले
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। चोरी की पांच वारदातों में चोर हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर लिया है।
पहले मामले में सिविल लाइन पुलिस को दी शिकायत में गांव करोड़ा निवासी दीपक कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन करनाल रोड पर उसकी दुकान है। 27 जून की रात को अज्ञात चोर उसकी दुकान का शटर तोड़कर तीन आरओ चोरी कर ले गए। चोरी हुई आरओ की कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है। हेड कांस्टेबल राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दूसरे मामले में चोर मायापुरी कॉलोनी में एक करियाना की दुकान का ताला तोड़कर सामान चोरी कर ले गए। रामनगर निवासी प्रवीन ने बताया कि 28 जून की रात को चोर उसकी दुकान का ताला तोड़कर बीड़ी, सिगरेट व शैंपू चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कीमत पुलिस ने 16 हजार 740 रुपये आंकी है। हेड कांस्टेबल बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
तीसरे मामले में गांव कवारतन में चोर बीएसएनएल टेलीफोन एक्सचेंज से 16 बैट्री चोरी कर ले गए। सीवन पुलिस को दी शिकायत में एसडीई जगदीश चंद ने बताया कि चोर 26 जून की रात को 16 बैट्री चोरी कर ले गए। एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
इसी प्रकार से चोर चीका के राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज से बैैट्री चोरी कर ले गए। कॉलेज के प्रिंसिपल अनिल ओहारी ने बताया कि 24 से 16 जून के बीच में चोर कॉलेज से बैट्री चोरी कर ले गए। चोरी हुई बैट्री की कीमत करीब 15 हजार 820 रुपये आंकी है। हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वहीं सीवन के गांव मांडी सादरां से चोर दो भैंस चोरी कर ले गए। गांव मांडी सादरा निवासी अंग्रेज सिंह ने बताया कि चोर उसके गांव से दो भैंस चोरी कर ले गए है। हेड कांस्टेबल विजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।