भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद
कैथल। थाना शहर पुलिस ने रेलवे गेट पर स्थित वाल्मीकि बस्ती में छापा मार कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। एसएचओ मनदीप कुमार के नेतृत्व में 2 स्थानों पर छापा मारा गया। पुलिस टीम को देखकर खुर्दा चलाने वाले मौके से फरार हो गए। सिटी पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों को साथ लेकर बस्ती में कई मकानों की तलाश ली। तलाशी के दौरान पुलिस को एक धर्मशाला व एक घर में रखी काफी शराब पेटियां मिली, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। एसएचओ मनदीप कुमार ने बताया कि पुलिस के पास पिछले कुछ समय से शिकायत आ रही थीं कि वाल्मीकि बस्ती में कुछ लोग अवैध रूप से शराब बेचने का धंधा कर रहे है जिस कारण यहां रहने वाले लोग भी परेशान हैं और आए दिन यहां पर शराबी भी झगड़ा करते रहते हैं। एसपी वसीम अकरम के निर्देशानुसार पुलिस टीम गठित करके छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस को 47 बोतल अंग्रेजी, 32 पेटी (384 बोतल) देसी शराब बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। अवैध शराब बेचने के आरोप में मोहल्ले के अनिल कुमार, सोनू व लीलू के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दिया है।