250 पेटी अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार
कैथल। गांव लांबा खेड़ी से गांव कौलेखां की तरफ अवैध रूप से ले जाई जा रही 250 पेटी शराब को सीआईए-2 ने बरामद किया है। सीआईए-2 पुलिस ने इंस्पेक्टर मुनीष कुमार की अगुवाई में वीरवार रात को गश्त कर रही थी। इस दौरान रात करीब 12.30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक गाड़ी में अवैध रूप से सप्लाई की जा रही है। पुलिस ने सूचना पर पिकअप का पीछा किया और गाड़ी रुकवाकर चालक से शराब का परमिट मांगा तो वह नहीं दिखा पाया। उसके पास न तो कोई लाइसेंस था और न ही परमिट। पुलिस ने गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं गाड़ी चालक सतपाल निवासी गांव गुहणा को भी हिरासत में लिया है। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल कमलजीत ने बताया कि पकड़ी गई शराब को आबकारी विभाग के हवाले कर दिया है। आगामी कार्रवाई विभाग द्वारा की जाएगी।