दोपहर के समय खेत में जा रहे युवक से तीन अज्ञात युवकों द्वारा मारपीट करते हुए उसका मंहगा मोबाइल फोन छीन ले जाने के मामले को सुलझाते हुए सीआईए-3 गुहला पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल भी फोन बरामद कर लिया है। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान कुबूल किया कि महंगा स्मार्ट फोन रखने की चाहत में उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। तीनों आरोपी शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 9 जनवरी तक 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव सैर निवासी मनोज की शिकायत पर थाना सीवन में दर्ज मामले के अनुसार वह 19 जुलाई की दोपहर कांगथली रोड सैर स्थित अपने खेत में जा रहा था। इस दौरान रास्ते में एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने मनोज को पकड़कर मारपीट करते हुए जबरन उसका मोबाइल फोन छीन लिया। सीआईए-3 गुहला प्रभारी सबइंस्पेक्टर जयनारायण की अगुवाई में सीआईए-3 गुहला पुलिस के एसआई राजेंद्र सिंह की टीम द्वारा जॉनसन पैलेस खरकां के पास गांव खरकां की तरफ प्लेटिना बाइक पर सवार होकर आ रहे बिट्टू व अशोक उर्फ शोकी दोनों निवासी डेरा मिश्रीवाला खरकां को काबु करके गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ के बाद उन्होंने तीसरे आरोपी खत्री राम उर्फ मंजू निवासी डेरा मिश्रीवाला खरकां को उसके घर के पास से काबू कर उसके पास से छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया है।
साथियों के साथ मिलकर बनाई थी फोन छीनने की योजना
9वीं कक्षा तक पढ़े आरोपी खत्रीराम ने पूछताछ के दौरान कबुला कि वह कभी-कभी दिहाड़ी मजदूरी कर लेता है, जिससे उसका जेब खर्च बामुश्किल चलता है। उसका मोबाइल फोन खराब होने उपरांत उसके पास फोन लाने के लिए पैसे नहीं थे, जबकि उसकी चाहत स्मार्ट फोन रखने की थी। उसने अपने दोनों साथियों से मिलकर किसी से फोन छीनने की योजना बनाई, जिसके तहत उसका साथी अशोक अपने चाचा की बाइक कोई बहाना बना कर ले आया तथा उनके द्वारा वारदात को अंजाम देने के बाद खत्रीराम ने अशोक को फोन रखने की एवज में 1500 रुपये दे दिए थे। तीनों आरोपी 27 दिसंबर को अदालत के आदेशानुसार 9 जनवरी तक 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए।