शराब तस्करी के मामले में पुलिस ने रविवार को आधा दर्जन अलग-अलग केस दर्ज किये हैं। मामलों में पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से 60 बोतल हथकढ़ी शराब, 180 लीटर लाहण, 120 बोतल, 24 आधे और 50 पव्वे देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान शराब ठेके बंद होने के कारण अवैध शराब की तस्करी की जा रही हैं।
अवैध शराब बेचने वाला आरोपी काबू
पुलिस ने सूचना मिली थी कि एक युवक घर के पास में लगी आटा चक्की की दुकान में शराब बेचने का काम करता है। पुलिस ने आरोपी को अवैध शराब बेचते रंगेहाथ काबू किया। इस दौरान आरोपी के कब्जे से 120 बोतल, 50 पव्वे व 24 आधे देशी शराब बरामद की। वहीं एक अन्य मामले में थाना शहर पुलिस के एएसआई संदीप कुमार की टीम ने चंदाना रोड से शक्ति नगर की तरफ से पैदल आ रहे अनिल कुमार को काबू कर उसके कब्जे से तीन बोतल देशी शराब बरामद की गई।
60 बोतल हथकढ़ी शराब बरामद
सीआईए-1 पुलिस के हेडकांस्टेबल रघुबीर सिंह, एचसी रणदीप सिंह व सिपाही संदीप कुमार की टीम नरड़ के बस अड्डे पर गश्त कर रही थी, इस दौरान सूचना मिली कि गांव वासी प्रदीप कुमार हथकढ़ी शराब बेचता है। पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसके कब्जे से 35 बोतल हथकढ़ी शराब बरामद की।
वहीं एक अन्य मामले में एएसआई रामबीर की टीम ने गांव देवबन से आरोपी मंजीत सिंह उर्फ मीनू को काबू कर उसके पास से 12 बोतल हथकढ़ी शराब बरामद की। तीसरे मामले में चौकी महमुदपुर के एएसआई जगदीप सिंह, एएसआई दलवीर सिंह, सिपाही राजेंद्र सिंह व एसपीओ लखविंद्र सिंह की टीम ने गांव रत्ताखेडा लुकमान बाबा पीर के पास नाकाबंदी के दौरान पंजाब के रत्ताखेड़ा वासी बुटा सिंह को काबू किया गया। जिसके कब्जे से 13 बोतल हथकढ़ी शराब बरामद हुई।