गत 2 नवंबर को ढांड रोड बाईपास चौक पर हुई फायरिंग की वारदात दो गुटों में आपराधिक क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम था। दोनों गुटों के युवकों पर कई-कई मामले दर्ज हैं। रंजिशन इस झगड़े में फायरिंग की गई थी। जिसमें अमित कुमार की टांग में गोली लगी थी। जबकि उसका साथी दीपक भी गंभीर रुप से घायल हो गया था। पुलिस ने इस मामले में दो हमलावरों को गिरफ्तार किया है। दोनों का कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। अमित को गोली जगमोहन उर्फ काला बतुआ ने मारी थी, जो अभी फरार है। बुधवार को सीआईए वन थाना डीएसपी कुलवंत सिंह ने इस घटनाक्रम का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि अमित और दूसरे पक्ष के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। दोनों पक्षों में वर्चस्व की लड़ाई के लिए फायरिंग व झगड़ा हुआ था। इससे पहले पूंडरी, कैथल व नरवाना में भी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हैं। दोनों आरोपी सीआईए-वन पुलिस द्वारा तितरम मोड़ से गिरफ्तार कर लिए गए। वारदात में प्रयुक्त की गई गाड़ी भी आरोपियों से बरामद कर ली गई है। दोनों आरोपियों का न्यायालय से दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। इसके तहत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी व हथियार बरामद किए जाएंगे।
अमित उर्फ भूरिया को जांघ में लगी थी गोली
डीएसपी ने बताया कि अपराध शाखा प्रथम प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप सिंह की अगुवाई में एसआई बिजेंद्र सिंह व एचसी तरसेम की टीम द्वारा तितरम मोड़ से गाड़ी में सवार होकर जा रहे दो युवकों अमन व अनिल जाखौली को गिरफ्तार कर लिया गया। घटनाक्रम के अनुसार अमित नेपेवाला व उसके 3 साथी 2 नवंबर को ढांड रोड बाईपास चौक से जा रहे थे कि उक्त आरोपियों सहित कई अन्य ने उन्हें घेर कर हमला कर दिया था। अमित कुमार की जांघ में एक गोली लगी थी। जबकि उसका साथी दीपक घायल हो गया था।
आरकेएसडी कॉलेज के पास हुई थी कहासुनी
डीसीएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि उनकी अमित गुट के साथ पुरानी रंजिश थी। 2 नवंबर को उनके साथी अमन जाखौली का जन्मदिन था, जिसकी वे एक होटल में पार्टी कर रहे थे। इस बीच उनके साथ वाले युवक पार्टी के लिए कुछ सामान लेने के लिए शहर में गए तो उनकी आरकेएसडी कालेज के पास गाड़ी में सवार अमित उर्फ भूरिया के साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद वे सभी दो गाड़ियों व मोटरसाइकिलों पर सवार होकर ढांड चौक के पास पहुंचे और दूसरे पक्ष को घेरकर हमला कर दिया। उनके ग्रुप के सदस्य सन्नी ने अवैध पिस्तौल से दो गोली अमित पर चलाई। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दोनों आरोपियों का आठ नवंबर तक दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
दोनों पक्षों के खिलाफ दर्ज हैं मामले
आरोपी जगमोहन उर्फ काला पर आमर्स एक्ट व जानलेवा हमले सहित 3 मामले दर्ज हैं। संजय निवासी हरिपुरा पर 2 मामले, बिजेंद्र निवासी प्यौदा पर 2 मामले, प्रदीप निवासी सांघन पर पर एक, कृष्ण निवासी पट्टी अफगान पर आमर्स एक्ट, जानलेवा हमला सहित 6 मामले व सन्नी निवासी अर्जुन नगर पर एक मामला दर्ज है। वहीं, फायरिंग में घायल हुए अमित उर्फ भूरिया पर पहले 9 मामले, नरेंद्र निवासी तारागढ़ पर 6 मामले, ईश्वर कैथल व दीपक निवासी करोड़ा पर एक-एक मामला दर्ज है।