पुरानी चली आ रही रंजिश के बीच युवकों के एक गुट ने कार में सवार चार युवकों पर ढांड रोड बाईपास चौक पर एक कार को रोक कर गंडासियों से हमला करते हुए फायरिंग कर दी। जिसमें एक युवक की टांग में गोली लगी है। जबकि दूसरे के सिर में चोट लगने से घायल हो गया। दोनों को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने मामले में जांच आरंभ कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार अमित ऊर्फ भूरिया निवासी गांव नेपेवाला, करोड़ा निवासी दीपक कमार, कसान निवासी एक अन्य युवक व तारागढ़ निवासी नरेंद्र कुमार कार में सवार होकर ढांड रोड बाईपास से जा रहे थे कि सामने से आकर चौक पर एक आल्टो कार सवार ने उनकी कार को सीधी टक्कर दे मारी और उसके बाद कार से उतरे युवकों ने फायरिंग कर दी। करीब चार-पांच राउंड फायरिंग की गई। जिसमें एक गोली अमित कुमार की टांग में जा लगी। इसके बाद कार में सवार युवकों ने कार को दौड़ा लिया, लेकिन ढांड रोड की ओर कुछ दूरी पर जाकर कार साइड के नाले पर जा चढ़ी। यहां ऑल्टो व एक अन्य कार में सवार होकर आए युवकों व बाइकों पर आए युवकों ने कार में सवार युवकों पर हमला कर दिया। करीब चार-पांच मिनट तक जमकर डंडे व गंडासियां बरसीं। इसके बाद हमलावर युवक जींद रोड की ओर फरार हो गए। उधर, घायल युवक पहले थाना सिविल लाइन व बाद में पुलिस सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल पहुंचे। इनमें से दीपक को निजी अस्पताल में व अमित कुमार को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। बाद में दोनों को निजी अस्पताल ले जाया गया।
सूचना मिलते ही थाना शहर पुलिस ने पुलिस कर्मचारी पहले, ढांड रोड बाईपास चौक व बाद में अस्पताल पहुंचे। पुलिस की टीमों ने घटनास्थल से गोली के खोल ढूंढने का प्रयास किया। साथ ही अन्य तथ्य जुटाए।
अस्पताल में घायल अमित कुमार ने कहा कि वे कार में सवार थे। सामने से दूसरी कार में सवार युवकों ने टक्कर मार कर उनकी कार रुकवाया और उन पर फायरिंग की गई है।
पहले दर्ज हैं दोनों पक्षों में मामले
पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार एक होटल का शीशा तोड़ने, हुडा क्षेत्र में फायरिंग सहित कई मामले हमलावर व पीड़ित पक्ष के लोगों पर दर्ज हैं। यह हमला भी रंजिशन किया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने तितरम चौक पर एक ऑल्टो कार को रुकवाकर दो युवकों को हिरासत में लिया है। लेकिन अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है।
थाना सिविल लाइन प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस बयान दर्ज कर रही है। शीघ्र ही इस मामले में केस दर्ज कर लिया जाएगा। पहले भी दोनों पक्षों में केस दर्ज हैं। यह मामला आपसी रंजिश का है। पुलिस जांच कर शीघ्र ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लेगी।