चंदाना गेट स्थित कब्रिस्तान में कब्र खोदकर शव का सिर काटने के मामले में पुलिस ने शनिवार को कई तांत्रिकों को बुलाकर पूछताछ की वहीं पुलिस की टीमों ने कई जगहों पर छापामारी कर मामले की जांच को आगे बढ़ाया। मालूम हो कि वीरवार रात को अज्ञात व्यक्ति कब्र में दफनाए गए बुजुर्ग अली मोहम्मद की कब्र को खोदकर सिर काट कर ले गए। मामले को लेकर समाज के लोगों में रोष है। सिटी थाना पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने सामान्य अस्पताल के चिकित्सकों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम करवाकर दोबारा से शव को दफना दिया था। मौके पर एसडीएम नरहरि बांगड़, तहसीलदार रोशन लाल, डीएसपी सुरेंद्र भौरिया, रविंदर कुमार तोमर ने मौके का दौरा किया था। सीआईए पुलिस ने मौके से हाथ-पांव के निशान, मोटरसाइकिल के टायरों के निशान सहित अन्य तथ्य जुटाए थे। पुलिस इन तथ्यों के आधार पर कार्रवाई में जुटी हुई है।
इसके साथ-साथ पुलिस को तांत्रिक का काम करने वाले युवकों पर भी संदेह है। पुलिस ने शनिवार को शहर के शक्ति नगर, अर्जुन नगर, चंदाना गेट सहित अन्य बस्तियों व कॉलोनियों में तांत्रिक का कार्य करने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की वहीं सीआईए थाने में कुछ व्यक्तियों को बुलाकर इस बारे में पूछताछ की है। तांत्रिकों ने बताया कि कुछ तांत्रिक खोपड़ी साथ लेकर इस क्रिया को करते हैं और जिन महिलाओं को संतान का सुख नहीं मिला पाता उन्हें संतान पैदा होने का लालच देते हैं।
आरोपी जल्द काबू होंगे : थाना प्रभारी
सीआईए थाना पुलिस के इंचार्ज सत्यवान ने बताया कि कब्र में दफनाए गए शव से गर्दन काटने के मामले में पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने आठ तांत्रिकों को थाने में बुलाकर कुछ पूछताछ की है। इसके अलावा पुलिस सर्च अभियान चला रही है। शीघ्र ही वारदात को अंजाम देने वालों को काबू कर लिया जाएगा।