कैथल। विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया के तहत मंगलवार को मतगणना होगी। प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा ईवीएम के वोटों की जब गिनती शुरू होगी तो प्रत्याशियों का इंतजार भी आखिरकार खत्म हो जाएगा।
गौरतलब है कि वैसे तो इस चुनाव में पूरे जिले की सभी चार विधानसभा सीटों पर पार्टियों सहित निर्दलीय सहित कई बड़े चेहरे चुनाव लड़ रहे हैं परंतु कैथल में हॉट सीट बनी कलायत और कैथल विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के दो दिग्गजों की साख दांव पर लगी है। ऐसे में कलायत में सांसद जेपी और कैथल में राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला के भविष्य का फैसला होगा।
कलायत में सांसद जेपी के बेटे विकास सहारण और कैथल में सांसद रणदीप सुरजेवाला के बेटे आदित्य सुरजेवाला चुनाव लड़ रहे हैं। कलायत में जहां विकास सहारण का मुकाबला भाजपा की पूर्व राज्यमंत्री कमलेश ढांडा व आप के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा जैसे बड़े चेहरे से हैं। वहीं कैथल में आदित्य सुरजेवाला का मुकाबला पिछले चुनाव में उनके पिता को हराने वाले भाजपा के लीला राम से है। माना जा रहा है कि इस बार भी कांग्रेस और भाजपा में जबरदस्त टक्कर है।
गौरतलब है कि पिछले चुनाव में लीला राम ने कांग्रेस के दिग्गज रणदीप सुरजेवाला को महज 1250 मतों से मात दी थी। इसके साथ ही गुहला में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर बताई जा रही है। हालांकि पूंडरी में इस बार भी निर्दलीय प्रत्याशी अन्य पार्टियों पर भारी है। हालांकि मंगलवार को परिणाम जारी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।