संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। करवा चौथ पर्व की सुगबुगाहट के साथ कपड़ा बाजार गुलजार होने लगा है। इस बार करवा चौथ पर गुजराती लहंगे की अधिक मांग है। इसके चलते हर दुकान पर अब हर दिन तीन से चार लहंगे बिक रहे हैं। इसके साथ ही नायरा सूट भी महिलाओं को खूब पसंद आ रहे हैं।
इसका दाम 1200 रुपये से लेकर तीन हजार रुपये तक का है। इसके साथ ही लहंगा भी दो हजार रुपये से शुरू होकर पांच हजार रुपये तक है। करवा चौथ पर्व के नजदीक आते ही कपड़ा शोरूम में भी नई आइटमें आना शुरू हो गई हैं। दुकानदारों का कहना है इस बार सामान्य दाम होने के चलते महिलाओं को खरीदारी में परेशानी नहीं आ रही है। उनकी आस है कि इस बार त्योहार अच्छी कमाई वाले निकलेंगे।
शास्त्री मार्केट स्थित कपड़ा शोरूम के संचालक मोनू कालड़ा ने बताया कि करवा चौथ पर्व को लेकर बाजार में रौनक है। कालड़ा ने बताया कि इस बार दाम सामान्य होने चलते ग्राहक काफी संतुष्ट है। उम्मीद है कि इस बार अच्छा कारोबार चलेगा।
कपड़ा व्यापारी बख्शीश गिरधर ने बताया कि करवा चौथ पर्व को लेकर इस बार गुजराती लहंगे की अधिक मांग है। इस कारण गुजरात से आने वाले कपड़े की मांग में 10 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। महिलाओं को यह लहंगे दो हजार रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक का लहंगा मिल रहा है। दुकानदार गिरधर ने बताया कि अब हर दिन औसतन हर दुकान में तीन से चार लहंगे बिक रहे हैं।