संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद/पूंडरी। बिजली निगम ने राजौंद में रात को विशेष अभियान चला कर ट्रांसफार्मर का लोड जांचा। उधर, गर्मी में बढ़ती गर्मी के बीच बिजली की खपत बढ़ गई है। ऐसे में बिजली चोरी करने वालों पर शिकंजा कसने की विभाग ने योजना बनाई है। चेतावनी दी गई है कि बिजली चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
राजौंद बिजली निगम के एसडीओ योगेश कुमार की अध्यक्षता में चलाए इस विशेष अभियान के दौरान लगभग 15 ट्रांसफार्मरों की जांच की। एसडीओ योगेश कुमार ने बताया कि मंगलवार रात को जींद रोड व अन्य कई वार्डो पर लगभग 15 ट्रांसफार्मर का लोड जांचा। इसमें ट्रांसफार्मरों पर असंतुलित लोड की जांच की। वहीं, ट्रांसफार्मर का तेल भी चेक किया गया।
एसडीओ ने कहा कि उपभोक्ता को कोई असुविधा न हो गर्मी के इस मौसम में इसको देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया है। उन्होंने कहा की रात को 15 ट्रांसफार्मर चेक किए। जिसमें एक ट्रांसफार्मर में खराबी थी। जिसे तुरंत दुरुस्त किया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बिजली कर्मचारियों का गर्मी के इस मौसम में सहयोग करें और बिजली का दुरुपयोग न करें। इस दौरान जेई साहब सिंह, सुनील कुमार व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
उधर, पूंडरी सब डिविजन नंबर एक एसडीओ रविंद्र सिंह ढाकला ने लोगों से अपील की है कि वे बिजली चोरी न करें। दरअसल, भीषण गर्मी में बिजली चोरी से फाल्ट बढ़ जाते हैं। एसडीओ रविंद्र सिंह ढाकला ने साथ ही चेतावनी भी दी कि बिजली चोरी करते पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बिजली के उपकरणों का उपयोग जरूरत पड़ने पर ही करें। उपभोक्ता बिजली चोरी करने की सोचें भी नहीं। यदि कोई उपभोक्ता बिजली चोरी करता हुआ पाया गया तो उस उपभोक्ता के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस समय अत्यधिक गर्मी पड़ने के कारण बिजली की लाइनों में फ़ाल्ट हो रहे हैं। इस स्थिति में बिजली कर्मचारियों को अनावश्यक व बार-बार फोन कर परेशान न करें, ताकि फाल्ट को जल्द निकालकर कर्मचारी जल्द बिजली सुचारू रूप से चल सके। उन्होंने चोरी करने वाले उपभोक्ताओं को चेताते हुए कहा कि बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। इसलिए बिजली चोरी करने की सोचें भी नहीं और अपना अपना लोड भी बढ़वाएं, ताकि जरूरत अनुसार ट्रांसफार्मर रखें जा सकें और कर्मचारियों को भी बार बार फ्यूज उड़ने की परेशानी न हो।