जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच शाह अस्पताल द्वारा बनाए गए कोरोना सेंटर में भी कोरोना के मरीजों का इलाज होगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुबंध के तहत 40 से अधिक बेड का सेंटर बनाया गया है। जिसमें बुधवार से कोरोना के मरीजों का इलाज शुरू होगा। यहां सरकार द्वारा निर्धारित रेट के अनुसार इलाज किया जाएगा।
शाह अस्पताल के एमडी डा. एमएस शाह ने बताया कि शाह अस्पताल से अलग पुराने बस अड्डा रोड पर कोरोना सेंटर बनाया गया है। यह सेंटर अस्पताल में दूसरे रोगियों के लिए चल रही ओपीडी, वार्ड व अन्य सभी विभागों से पूरी तरह से अलग होगा। उधर, मंगलवार को 28 नए मामले सामने आए। जिसमें बैंक कर्मचारी, एएनएम, आशा वर्कर व अध्यापक सहित अन्य लोग शामिल हैं। पूरे जिले में कुल 2414 मामले सामने आ चुके हैं।
मंगलवार को पॉजिटिव पाए गए लोगों में मालखेड़ी, खरौदी, चंदाना, सेगा, खेड़ी शेरू, मोहल्ला होशियान, हुडा कालोनी चीका, सीवन गेट कैथल, सनसिटी कैथल, क्योड़क, नीमवाला, सेक्टर 20, सजूमा, फतेहपुर, बंदराना, अमरगढ़ गामड़ी से 28 लोग शामिल हैं। सीएमओ डा. जयभगवान जाटान ने बताया कि जिले में 2414 कुल मामले अब तक सामने आए हैं। जिसमें से 304 एक्टिव केस बचे हैं। 2070 लोग रिकवर हो चुके हैं। सीएमओ ने बताया कि शाह अस्पताल के साथ 44 बेड के सेंटर के लिए अनुबंध किया हुआ है। अब जिला अस्पताल से जिन मरीजों को वेंटिलेटर की कमी से अग्रोहा व अन्य अस्पतालों में रेफर किया जाता था, उन मरीजों को जरूरत पड़ने पर शाह अस्पताल में रेफर किया जाएगा।
कलायत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीन आने वाले सभी चारों प्राथमिक केंद्रों में कोरोना जांच का कार्य निरंतर जारी है। प्रवर चिकित्सा अधिकारी डा. प्रगति सिंह ने बताया कि कलायत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीन आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलायत सहित बालू, बात्ता व देवबन में टीमों का गठन किया हुआ है, जो प्रतिदिन कोरोना जांच का कार्य कर रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीन आने वाले पूरे क्षेत्र में अभी तक 6,391 लोगों की जांच की जा चुकी है। जिसमें से 93 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं।