संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के एक वकील पर लोहे की ग्रिल का काम करने वाले दुकानदार की ओर से हमला करने के आरोपियों को गिरफ्तार न किए जाने के विरोध में मंगलवार को अदालतों में काम काज बंद रहेगा।
यह जानकारी जिला बार एसोसिएशन के प्रधान बलजिंद्र सिंह मलिक ने दी। उन्होंने बताया कि कैथल के वकील भूपेंद्र सिंह विर्क ने अमरगढ़ गामड़ी स्थित एक दुकानदार अमित से 70 हजार रुपये में लोहे की ग्रिल का काम करवाया था। वकील ने उसे 50 हजार रुपये मौके पर दे दिए और 20 हजार रुपये बाद देने की बात कही। जब वकील बाद में उसे 20000 देने गया तो अमित सेठ तैश में आ गया तथा अपने कारीगरों को बुलाकर उस पर लोहे की रॉड और लात, मुक्कों से हमला कर दिया। आरोप है कि अमित सेठ ने वकील से बकाया 20 हजार रुपये ले लिए व 20 हजार रुपये अन्य भी छीन लिए।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इस बारे में थाना सिविल लाइन में केस दर्ज किया गया था, लेकिन अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मलिक ने कहा कि यदि वकील पर हमला करने वाले की शीघ्र गिरफ्तारी न हुई तो वे हरियाणा की कॉल करेंगे। उन्होंने इस बात पर रोष जताया कि वकीलों पर लगातार हमले बढ़ रहे हैं और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन नौ को
कैथल। आगामी नौ मार्च को न्यायिक परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इसके लिए अलग-अलग न्यायधीशों की अध्यक्षता में छह बैंच गठित की गई हैं। ॉ
यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी दानिश गुप्ता ने दी है। कहा कि इन बैंचों में न्यायधीशों के साथ एक-एक वकील भी जोड़ा गया है।राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक लंबित मामलों को निपटानें के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही यह भी बताया कि लोक अदालत की विशेषता है कि इसमें कोई न्यायालय शुल्क नहीं है और यदि न्यायालय शुल्क का भुगतान पहले ही कर दिया गया है तो लोक अदालत में विवाद का निपटारा होने पर इसे वापस कर दिया जाता है। संवाद