संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। करवा चौथ पर्व पर गिफ्ट गैलरियों में जबरदस्त रौनक है। बाजार में कई नए उपहार आए हैं। इसमें कोलाज से लेकर फोटो फ्रेम सहित कपल फोटो फ्रेम की इस बार काफी मांग है।
वहीं, उपहार में देने के लिए साड़ी, मेकअप किट, शॉल, अंगूठी, नेकलेस, मंगलसूत्र, सुहाग का सामान, परफ्यूम, डियो, मोबाइल, क्रॉकरी, गुलदस्ते, घड़ी, ब्रेसलेट व अन्य कई आइटम शामिल हैं। सबसे ज्यादा मांग मैचिंग चूड़ियों की है।
करवा चौथ पर पत्नियों को आकर्षक गिफ्ट देने के लिए अधिकतर पुरुष ही गिफ्ट खरीदने के लिए गैलरियों और दुकानों में पहुंच रहे हैं। हालांकि जिन महिलाओं के पति उनसे दूर रहते हैं, ऐसे में उनके पतियों की ओर से पहले ही गिफ्ट कोरियर के माध्यम से भेजे गए हैं। दुकानदारों के अनुसार विभिन्न प्रकार के आइटम की बाजार में 50 रुपये से शुरू होकर पांच हजार रुपये तक कीमत है। वहीं, जेवर गिफ्ट के लिए वजन के अनुसार कीमतें निर्धारित की जा रही हैं। अब जैसे ही करवा चौथ का पर्व नजदीक आएगा तो वैसे ही गिफ्ट गैलरियों में और अधिक रौनक बढ़ने लगेगी।
करवा चौथ की खरीदारी को लेकर महिलाओं की भीड़ साड़ी व कपड़ों की दुकानों में देखने को मिल रही है। ऐसे में पतियों की ओर से पर्व के उपलक्ष्य में कपड़े व साड़ियां भी उपहार के रूप में दिया जाता है। ऐसे कई महिलाओं के पति उन्हें नए और ट्रेडिंग में देख कर खरीदारी करवा रहे हैं। इसमें डोला प्रिंट, समरती शूट चुनरी प्रिंट्स की डिमांड सबसे ज्यादा हो
रही है।
गिफ्ट गैलरी संचालक मोहन तनेजा ने बताया कि पत्नी को गिफ्ट देने के लिए पति खरीदारी कर रहे हैं। दो-तीन दिन से गैलरियों में ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। त्योहारों के सीजन में गिफ्ट की खरीदारी लगातार चलेगी। करवा चौथ पर्व पर इसकी अच्छी शुरूआत हो चुकी है।
गिफ्ट विक्रेता रमेश ने बताया कि ग्राहक खरीदारी के लिए दुकानों पर पहुंच रहे हैं। अगले दो दिनों में खरीदारों की संख्या और बढ़ेगी। करवाचौथ के दिन ग्राहक सबसे अधिक आते हैं। इस बार बिक्री अच्छी रहने की संभावना है।