जिले में हर दिन नए संक्रमित केस सामने आ रहे हैं। हालांकि अब तक संक्रमित पाए गए ज्यादातर केसों की हिस्ट्री बाहर से जुड़ी है, लेकिन बाहर से आने के बाद संक्रमितों के परिवार के सदस्य और उनके संपर्क में आए लोग भी पॉजिटिव मिल रहे हैं। सोमवार को जिले में फिर एक नया कोरोना संक्रमित केस सामने आया, जिसकी हिस्ट्री दिल्ली से जुड़ी है। संक्रमित युवक की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके घर पर पहुंची और युवक को आइसोलेट करने के लिए अस्पताल में भेज दिया।
दिल्ली में एक होटल में काम करता था 23 वर्षीय यह युवक: जिले के गांव सौंगल निवासी 23 वर्षीय यह युवक दिल्ली में एक होटल में काम करता है। तीन जुलाई को वहां से छुट्टी लेकर वह अपने परिवार से मिलने गांव आया था। यहां आकर उसने चार को कोरोना जांच के लिए सैंपल दिया तो छह जून को युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
परिवार के छह सदस्यों को किया क्वारंटीन: मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पॉजिटिव मिले युवक के परिवार के छह सदस्यों को क्वारंटीन किया है। इनमें 65 वर्षीय युवक का पिता, 56 वर्षीय माता, 45 वर्षीय महिला, 40 वर्षीय दो महिला व 18 वर्षीय युवती को कैथल भेजा गया है। वहीं जिस स्थान पर युवक का मकान है, वहां आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया गया है, ताकि आमजन की आवाजाही को वहां से रोका जा सके। पुलिस द्वारा कंटेनमेंट जोन बनाकर वहां सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
सिविल सर्जन डॉ. जयभगवान ने बताया कि जिले में अब तक 115 कोरोना संक्रमति केस पाए जा चुके हैं। इनमें से 81 की रिकवरी हो चुकी है। इस समय जिले में 34 कोरोना पॉजिटिव एक्टिव केस हैं। उन्होंने जिले के लोगों को हिदायत दी कि महामारी से बचाव के लिए नियमों का पालन करें। सावधानी ही इससे बचाव का सही तरीका है।
पहले भी मिला है एक पॉजीटिव: गांव सौंगल में कोरोना पॉजिटिव युवक मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए बैरिकेट लगाकर पूरे मोहल्ले को सील कर दिया गया है। इससे पहले भी इसी गांव में एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला था। दूसरी बार केस मिलने पर लोगों में भी दहशत सी बन गई है। सोमवार को राजौंद थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने गांव में पहुंचकर लोगों को सख्त निर्देश दिए है कि वह अपने घरों से बाहर न निकलें।