कैथल। सहकारिता सप्ताह के अवसर पर कैथल सहकारी चीनी मिल व कृषि विभाग के सहयोग से गांव क्योड़क में सहकारिता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों व किसानों को सहकारिता से संबंधित विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और सहकारी संस्थाओं के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
शुगर मिल के प्रबंध निदेशक कृष्ण कुमार ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण विकास, आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम है। उन्होंने किसानों व ग्रामीणों से सहकारी संस्थाओं से अधिक से अधिक जुड़कर योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चीनी मिल के जरिये गन्ना किसानों की भलाई के लिए अनेक योजनाएं कार्यान्वित की हुई हैं जिससे सैकड़ों किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
चौपाल के दौरान कृषि विभाग से गन्ना विकास अधिकारी सुशील कुमार व दिनेश कुमार ने ग्रामीणों व किसानों को सहकारी समितियों की भूमिका, कृषि ऋण, फसल ऋण, बचत योजनाओं और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर ग्रामीणों की समस्याओं व सुझावों को भी सुना गया और उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने सहकारिता चौपाल को जन जागरूकता एवं ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसकी सराहना की। कार्यक्रम में मिल के गन्ना विपणन अधिकारी रामपाल तंवर, गन्ना विकास निरीक्षक सूर्यप्रकाश, राजबीर सिंह और किसान कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।