संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कैथल से अयोध्या जाने के लिए वीरवार को जिले से श्रद्धालुओं का काफिला रवाना हुआ। यह श्रद्धालु रोडवेज की बस के माध्यम से रोहतक पहुंचे। इसके बाद यह सभी श्रद्धालु रेल के माध्यम से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। श्रद्धालुओं के काफिले को माता गेट स्थित सूरजकुंड मंदिर के महंत रमनपुरी व रोडवेज महाप्रबंधक अजय गर्ग ने हरी झंडी दिखा रवाना किया।
गौरतलब है कि श्रद्धालुओं के इस काफिले में 36 श्रद्धालु शामिल हैं। इस मौके पर महंत रमनपुरी ने कहा कि भगवान श्री राम का मंदिर अब अयोध्या में बनकर तैयार हो गया है। इसके बाद देशभर के लोगों में भगवान रामलला की एक झलक पाने को लेकर काफी उत्सुकता है। उन्होंने बताया कि वे इस कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित हुए थे। अयोध्या में भगवान राम के दर्शनों के लिए पहले दिन से श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में जगह-जगह पर बसों का संचालन हो रहा है और रेलवे की ओर से भी विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही है।
इस मौके पर नरेंद्र जिंदल, राजेश सर्राफ, राजेंद्र प्यौदा, गुल्तान नैन, अनिल बाबा लदाना, राम नारायण, श्याम बंसल, पवन, अशोक आर्य आदि मौजूद रहे।
अयोध्या में कैथल वालों का भंडारा है जारी
हरियाणा प्रदेश की तरफ से श्री रामलला की प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर कैथल के लोगों की ओर से 60 दिन के विशाल भंडारा अयोध्या के बस स्टैंड पर आयोजित किया जा रहा है। अब इस भंडारे के संचालन को करीब 20 दिन हो चुके हैं। यह भंडारा आगामी 20 मार्च तक लगातार जारी रहेगा।