संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। नगर के वार्ड नंबर छह में वीरवार को अचानक एक मकान की छत गिर गई। गनीमत रही कि परिवार बाल-बाल बच गया। हादसे की जानकारी देते हुए प्रीतम सिंह ने बताया कि वे और उनका परिवार दोपहर को अपने घर में भोजन कर रहे थे। अचानक अंदर वाले कमरे की छत गिर पड़ी। भारी धमाके के साथ पूरा घर गूंज उठा और वे लोग उठकर बाहर भागे। धमाके की आवाज सुन कर आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। हिम्मत जुटा कर लोगों ने घर के अंदर जाकर देखा तो शयनकक्ष की छत गिर चुकी थी और कमरे में रखा पूरा सामान क्षतिग्रस्त हो चुका था।
प्रीतम सिंह ने बताया की वह खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का गुजर-बसर करता है। एक छोटे से मकान में अपने परिवार के साथ ही रहता है। पिछले कई दिनों तक बरसात का मौसम चला और अब दो दिल से धूप निकली तो पुराने मकान की छत को ले बैठी। यदि यह हादसा रात के समय होता तो भारी जानी नुकसान हो सकता था, क्योंकि परिवार के सभी लोग इसी कमरे में सोते हैं। मांग की कि प्रशासन उनकी मदद करें, ताकि वे अपना आशियाना दोबारा खड़ा कर सकें।